मुख्यपृष्ठनए समाचारपठानकोट में आतंक का खेल...खेतों से मिला खून-खराबे का सामान!

पठानकोट में आतंक का खेल…खेतों से मिला खून-खराबे का सामान!

-आईएसआई के निशाने पर पंजाब, दहलाने की थी साजिश…पाकिस्तान बॉर्डर से हथियारों का जखीरा बरामद

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

पंजाब के पठानकोट जिले में पुलिस ने पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में स्थित खेतों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियां बड़ी आतंकी साजिश के नाकाम होने के तौर पर देख रही हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा से जुड़ा आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा इस साजिश के पीछे बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आईएसआई के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने के लिए यह असलहा भेजा गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हथियारों की खेप को खेतों में छिपाकर रखा गया था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मामले में सीमा पार नेटवर्क, तस्करी के रास्तों और स्थानीय संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं। फिलहाल इलाके में हाई अलर्ट जारी है और पुलिस तथा केंद्रीय एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई हैं।
बरामद हथियारों का विवरण:
 ३ एके-४७ राइफल
 ५ मैगजीन
 तुर्की मेड १ पिस्तौल
 चीन मेड १ पिस्तौल
 २ मैगजीन
 ९८ कारतूस
सीमा पर फिर मंडराए ड्रोन
जम्मू-कश्मीर के सांबा में भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली। जानकारी के अनुसार, रामगढ़ सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन देखे गए। सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है।

अन्य समाचार