मुख्यपृष्ठनए समाचारमेट्रो लाइन-४ व ६ का इंतजार हुआ लंबा...ट्रायल पर ट्रायल से यात्री...

मेट्रो लाइन-४ व ६ का इंतजार हुआ लंबा…ट्रायल पर ट्रायल से यात्री बेहाल!.. ‘कब होगा उद्घाटन’ मुंबईकर पूछ रहे सवाल

जेदवी / मुंबई

मुंबई-ठाणे की जीवनरेखा बननेवाली मेट्रो लाइन-४, ४ए और ६ एक बार फिर तय समय की बजाय ‘उम्मीदों’ के सहारे आगे बढ़ रही हैं। ट्रायल रन, तकनीकी जांच और निरीक्षण सब चल रहा है, लेकिन आम यात्री आज भी मेट्रो के दरवाजों के खुलने की राह देख रहा है।
लाइन-४ और ४ए (ग्रीन लाइन)
ठाणे में वैâडबरी जंक्शन से गायमुख तक १०.५ किलोमीटर लंबे हिस्से पर ट्रायल रन सितंबर २०२५ से जारी हैं। फिलहाल, अलग-अलग तकनीकी परीक्षणों का दौर चल रहा है। एमएमआरडीए के मुताबिक, पहले चरण का ठाणे खंड मार्च २०२६ तक जनता के लिए खोलने की उम्मीद है, जबकि पूरा वडाला-कासारवडवली/गायमुख कॉरिडोर २०२७ तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले चरण में गायमुख, कासारवडवली, विजय गार्डन, मानपाड़ा और वैâडबरी जंक्शन समेत कुल १० स्टेशन शामिल होंगे। दावा है कि यह देश का सबसे लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर होगा और ठाणे-मुंबई की यात्रा में करीब ७५ प्रतिशत समय की बचत करेगा, लेकिन फिलहाल यह दावा कागजों तक ही सीमित है।
लाइन-६ (पिंक लाइन)
१५.३ किलोमीटर लंबी यह लाइन अंधेरी (प.) के स्वामी समर्थ नगर को विक्रोली (ईईएच) से जोड़ेगी। डिपो निर्माण में देरी ने काम की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मजबूरी में एमएमआरडीए मुख्य लाइन पर ही ‘टेंपरेरी टेस्टिंग पिट्स’ बनाकर परीक्षण कर रहा है। लक्ष्य है कि यह लाइन मध्य २०२६ तक पूरी तरह चालू हो जाए। जेवीएलआर के ऊपर से गुजरने वाली इस लाइन को लाइन-२ए, ३, ४ और ७ से जोड़कर इंटरचेंज सुविधा देने की बात कही जा रही है, ताकि उपनगरों की भीड़ कुछ कम हो सके।
ताजा हालात
मेट्रो सुरक्षा आयुक्त द्वारा सुरक्षा निरीक्षण और सिस्टम इंटीग्रेशन के अंतिम चरण चल रहे हैं, ताकि २०२६ की पहली छमाही में उद्घाटन का लक्ष्य पूरा किया जा सके। वहीं दहिसर (पूर्व) से काशीगांव तक मेट्रो लाइन-९ का एक हिस्सा जनवरी २०२६ में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
सवाल वही, जवाब अधूरे
ट्रायल, निरीक्षण और लक्ष्य सब कुछ चल रहा है, लेकिन मुंबईकरों का सवाल है कि मेट्रो कब पटरी पर दौड़ेगी? क्योंकि विकास की रफ्तार और यात्रियों के इंतजार के बीच खाई अब भी बनी हुई है।

अन्य समाचार