उमेश गुप्ता / वाराणसी
मौनी अमावस्या 2026 के पावन अवसर पर रविवार को काशी के घाटों पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। तड़के भोर से ही श्रद्धालुओं का रेला गंगा तट की ओर उमड़ पड़ा। काशी के 84 घाटों पर गंगा स्नान का सिलसिला चल रहा है। हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयघोष से घाट गूंज रहे है।
श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में स्नान कर दान-पुण्य, तिलदान और ब्राह्मण भोज करवा रहे है। बड़ी संख्या में लोगों ने तीर्थ-पुरोहितों और जरूरतमंदों को दान देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, श्री काल भैरव, संकटमोचन मंदिर, दुर्गाकुंड सहित काशी के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे है। मंदिर परिसरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रहीं है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने दशाश्वमेध घाट से गोदौलिया और गिरिजाघर चौराहे तक नो-व्हीकल जोन लागू किया। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार घाटों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बनाए रहे।
