मुख्यपृष्ठनए समाचारनोएडा में बाप के सामने बेटे ने तोड़ा दम...८० मिनट तक युवक...

नोएडा में बाप के सामने बेटे ने तोड़ा दम…८० मिनट तक युवक लगाता रहा मदद की गुहार…ठंड के चलते पानी में नहीं उतरी पुलिस!

-प्रशासन की लापरवाही बनी मौत का कारण

ग्रेटर नोएडा में सिस्टम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक २७ वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर करीब ८० मिनट तक मदद के लिए पुकारता रहा, लेकिन समय पर रेस्क्यू न मिलने के कारण पिता के सामने ही उसकी मौत हो गई।
बता दें कि सेक्टर-१५० में एक युवक करीब ८० मिनट तक पानी में तैरती कार की छत पर खड़ा होकर मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस, दमकल और राहत एजेंसियां मौके पर मौजूद होने के बावजूद उसे बचा नहीं सकीं। पिता सामने खड़े होकर बेटे को बचाने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन कोहरे, ठंडे पानी और संसाधनों की कमी का हवाला देकर कोई पानी में नहीं उतरा। आखिरकार, युवक कार समेत पानी में समा गया। शुक्रवार देर रात गुरुग्राम से घर लौट रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की ग्रैंड विटारा कार सेक्टर-१५० एटीएस ली ग्रैंडियोस के पास टी-प्वाइंट पर कोहरे में अनियंत्रित हो गई। कार नाले की दीवार तोड़ते हुए बेसमेंट के लिए बनाए गए करीब ३० फुट गहरे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। कार पलटने के बाद कुछ देर तक पानी पर तैरती रही और युवराज किसी तरह बाहर निकलकर कार की छत पर खड़े हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मियों ने कोहरे, ठंडे पानी और गड्ढे में बने निर्माणाधीन कॉलम से टकराने के डर का हवाला देकर पानी में उतरने से इनकार कर दिया। क्रेन से युवक को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रात करीब १:४५ बजे युवराज कार समेत गहरे पानी में डूब गया।
मृतक के पिता ने प्राधिकरण पर लगाए आरोप
पिता राजकुमार मेहता ने नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में न तो बैरिकेडिंग थी, न रिफ्लेक्टर और न ही चेतावनी बोर्ड। पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बेटा तड़पता रहा, सिस्टम सोता रहा
युवराज ने तुरंत अपने पिता राजकुमार मेहता को फोन कर हादसे की जानकारी दी। पिता मौके पर पहुंचे और लगातार डायल ११२, पुलिस, दमकल और राहत टीमों से बेटे को बचाने की गुहार लगाते रहे। इस दौरान युवराज कार की छत पर खड़े होकर टार्च जलाता रहा और बचाओ-बचाओ की आवाज लगाता रहा, लेकिन कोई भी पानी में उतरने को तैयार नहीं हुआ।

अन्य समाचार