मुख्यपृष्ठनए समाचारतांत्रिक के कहने पर दोस्तों ने ही ले ली दोस्त की बलि!..अमीर...

तांत्रिक के कहने पर दोस्तों ने ही ले ली दोस्त की बलि!..अमीर बनने के लालच ने गरीब ऑटो वाले को मार डाला

गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर इंसानियत शर्मसार हो जाए। चंद रुपयों के लालच और ईश्वर से मिलने के अंधविश्वास में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही जिगरी यार, जो ऑटो चलाता था, को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल गैस सिलिंडर बरामद कर लिया। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुट गई है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि १४ जनवरी की सुबह ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस को एक जले हुए ऑटो में एक लाश मिली थी। एसीपी ने खुलासा किया कि जले हुए शव की शिनाख्त अंकुर विहार थाना क्षेत्र के नवीन कुमार (३५) के रूप में मृतक के छोटे भाई नितिन ने की थी। पुलिस ने शनिवार सुबह चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र स्थित पंचलोक गेट के पास से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बैटरी ऑटो और गैस सिलेंडर बरामद हुआ। मामले में एक आरोपी अभी फरार है। पूछताछ के दौरान सागर व पवन ने बताया कि नंदू उर्फ नवीन एक तांत्रिक के पास जाता था। हत्या से पहले नंदू रातों-रात मालदार होने की बात कहकर उन्हें व नसीम को तांत्रिक के पास ले गया था। तंत्र विद्या से मालामाल बनाने का झांसा देने वाली तांत्रिक ने नंदू को अपने पास बुलाकर कहा कि अगर वो मालदार होना व ईश्वर से साक्षात्कार करना चाहता है तो उसे नरबलि देने होगी। तांत्रिक के द्वारा कही गई यह बात उनके कानों में भी पड़ गई।
सिर पर सिलिंडर दे मारा
सागर ने बताया कि नवीन ने तांत्रिक से दोस्त की बलि देने की बात पूछी थी। १३ जनवरी की रात को हम लोग सागर के कमरे पर शराब पी रहे थे, उसी दौरान नरबलि को लेकर नवीन से उनका विवाद हो गया। हम तीनों को शक हुआ कि वह हमारे में से किसी एक की बलि दे सकता है। इसी के चलते तीनों ने सिर पर सिलिंडर मार-मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

अन्य समाचार