-सरकारी खुफिया रिपोर्ट से राजधानी में दहशत
-खालिस्तानी व बांग्लादेशी आतंकी संगठन के निशाने पर हिंदुस्थान के बड़े शहर
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली और देश के बड़े शहरों में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। सरकारी खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, खालिस्तानी और बांग्लादेशी आतंकी संगठन देश के प्रमुख शहरों को निशाना बना सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि इन विदेशी आतंकियों का नेटवर्क स्थानीय गैंगस्टरों के साथ जुड़ा हुआ है, जिससे २६ जनवरी से पहले खूनी साजिश रची जा सकती है। सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी और संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस और खुफिया विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें और सार्वजनिक जगहों पर सतर्क रहें।
खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर कहा है कि खालिस्तानी आतंकवादी संगठन और बांग्लादेशी आतंकी संगठन गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार, पंजाब स्थित गैंगस्टर धीरे-धीरे विदेशों से संचालित होने वाले खालिस्तानी और कट्टरपंथी संचालकों के साथ अपने संबंध बढ़ा रहे हैं, जो भारत में उनके मोहरे के रूप में काम कर रहे हैं। खुफिया जानकारी में कहा गया है कि भारत के बाहर से संचालित कट्टरपंथी सरगना भारत में अपराधियों का इस्तेमाल अपने नेटवर्क का विस्तार करने और आंतरिक सुरक्षा को अस्थिर करने के लिए कर रहे हैं। हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय अपराधी धीरे-धीरे विदेशों में आतंकवादियों और कट्टरपंथी संगठनों के साथ अपना नेटवर्क बढ़ा रहे हैं।
संवेदनशील जगहों पर कड़ी निगरानी
संवेदनशील क्षेत्रों में लाल किला, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार और मेट्रो स्टेशन शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील माना जाता है। इन अभ्यासों का उद्देश्य आतंकवाद विरोधी उपायों को मजबूत करना और जनता एवं एजेंसियों को संभावित आतंकी घटनाओं के दौरान सतर्क रहने के लिए जागरूक करना था।
