सामना संवाददाता / कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की उपस्थिति में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां जानबूझकर लोगों को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने लोकतंत्र, न्यायपालिका और संविधान को बचाने की अपील की। वह जलपाईगुड़ी में कलकत्ता हाई कोर्ट की नई सर्किट बेंच के उद्घाटन के मौके पर बोल रही थीं।
ममता बनर्जी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का आह्वान करते हुए कहा कि कृपया लोकतंत्र और संविधान को संकट से बचाइए। सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा जरूरी है। हमें अपने इतिहास और सीमाओं की भी रक्षा करनी होगी। यहां मुख्य न्यायाधीश मौजूद हैं, आप सभी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने जलपाईगुड़ी में एक सार्वजनिक मंच से केंद्रीय जांच एजेंसियों पर परोक्ष रूप से तीखा हमला बोला। खास बात यह रही कि उस समय मंच पर सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का नाम लिए बिना कहा कि ‘कुछ एजेंसियां योजनाबद्ध तरीके से मानहानि करने की कोशिश कर रही हैं।’ मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से न्याय व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं को खतरा पैदा हो रहा है।
