-पटना में नीट छात्रा की मौत को लेकर `डबल इंजिन’ सरकार पर तेजस्वी यादव का तीखा हमला
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पटना के गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की रेप के बाद मौत की घटना ने तूल पकड़ लिया। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया `एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भ्रष्ट तंत्र व मशीनी यंत्र निर्मित डबल इंजिन की एनडीए सरकार अत्याचारियों, भ्रष्टाचारियों, अपराधियों और ब्लात्कारियों का विश्वसनीय उपकरण बन चुकी है। यहां आए दिन बेटियों पर अत्याचार हो रहा है।
वोट खरीदी से बनी बिहार की असंवेदनशील नीतीश सरकार संपूर्ण बिहार में नाबालिग बच्चियों, छात्राओं, बेटियों और महिलाओं पर जुल्म ढा रही है। सत्ता संपोषित अत्याचार होने के कारण सरकार के कर्ता-धर्ता रोंगटे खड़े करनेवाली इन वीभत्स घटनाओं पर मौन धारण कर महात्मा बनने का स्वांग रच रहे हैं। तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि मधेपुरा में विधवा महिला के साथ सामूहिक बलात्कार व हत्या, खगड़िया में ४ वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ जघन्य सामूहिक दुष्कर्म व हत्या, पटना में जहानाबाद की नीट छात्रा के साथ दुष्कर्म, क्रूरतापूर्ण हत्या की घटनाएं सत्ता संरक्षित लीपापोती दर्शाती है। यह सरकार निर्मम, क्रूर और अमानवीय हो चुकी है।
