मुख्यपृष्ठनए समाचारसुंदर दिखने की सनक ने ली जान! ... पतला दिखने के लिए केमिकल...

सुंदर दिखने की सनक ने ली जान! … पतला दिखने के लिए केमिकल खा गई युवती

– यू-ट्यूब में देखा था दुबले होने का नुस्खा
पतला दिखना आखिर किसे पसंद नहीं? कोई भी नहीं चाहता कि उसे जरा-सा भी मोटापा आए। कई लोग यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक सहित तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में जाकर सर्च करते हैं कि मोटापा वैâसे कम करें। लेकिन कई बार ऐसा करना भारी भी पड़ जाता है। तमिलनाडु के मदुरै में एक लड़की को यही शॉर्टकट तरीका बड़ा महंगा पड़ गया। यहां एक लड़की ने यूट्यूब पर मोटापा कम करने का नुस्खा सीखा, मगर इससे उसकी चंद घंटों में जान चली गई।
मदुरै के मीनांबलपुरम की रहने वाली १९ वर्षीय कलैयारसी अपने बढ़ते वजन से परेशान थी। उसने यूट्यूब पर एक वीडियो देखा, जिसमें दावा किया गया था कि बोरेक्स (सोडियम बोरेट) के सेवन से तेजी से वजन घटता है, वीडियो से प्रभावित होकर कलैयारसी ने १६ जनवरी को एक दुकान से यह केमिकल खरीदा और १७ जनवरी की सुबह इसका सेवन कर लिया। केमिकल खाने के कुछ ही देर बाद उसे तेज उल्टी और दस्त शुरू हो गए। परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन शाम होते-होते उसकी हालत और बिगड़ गई। जब उसे रात ११ बजे सरकारी अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कलैयारसी के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और फिलहाल ‘संदिग्ध मौत’ का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
बेहद खतरनाक है बोरेक्स
एक्सपर्ट्स की मानें तो बोरेक्स, जिसे सोडियम टेट्राबोरेट भी कहा जाता है, असल में घरों में सफाई, कपड़े धोने के डिटर्जेंट और कीटनाशक के रूप में इस्तेमाल होता है। यह इंसानी शरीर के लिए एक जहर की तरह काम करता है। इसे निगलने से किडनी फेलियर हो सकता है। शरीर के अंदरूनी अंगों में जलन और ‘केमिकल पॉइजनिंग’ हो जाती है। कभी-कभी यह सीधे मौत का कारण बनता है।

 

अन्य समाचार