आईपीएल में लगातार बढ़ते बड़े स्कोर और बल्लेबाजों के दबदबे पर इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आईपीएल २०२६ में इस्तेमाल की गई पिचों की आलोचना करते हुए कहा कि अत्यधिक बल्लेबाज-हितैषी विकेटों ने खेल का संतुलन बिगाड़ दिया है। एक क्रिकेट पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान लिविंगस्टन ने कहा कि कई मुकाबलों में केवल छक्कों की बारिश देखने को मिली, जिससे खेल का रोमांच कम हो गया। उनके मुताबिक, फ्लैट पिचों के कारण बल्लेबाजों को नई तकनीक और कौशल विकसित करने की जरूरत ही महसूस नहीं होती। आईपीएल २०२६ में रिकॉर्ड ६५ बार २०० से अधिक का स्कोर बना, जबकि १७ मौकों पर ऐसे विशाल लक्ष्य भी सफलतापूर्वक हासिल किए गए। पंजाब किंग्स ने इसी सीजन दिल्ली वैâपिटल्स के खिलाफ लीग इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज दर्ज किया था। लिविंगस्टन ने कहा कि मुंबई और हैदराबाद जैसे मैदानों पर गेंदबाजों के लिए परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं और उन्होंने अपने सात वर्षों के आईपीएल करियर में ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा। हालांकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की उन्होंने जमकर सराहना की। लिविंगस्टन ने कहा कि वैभव गेंद को बेहद साफ तरीके से खेलते हैं और पूरे टूर्नामेंट में उनके खेल में लगातार सुधार देखने को मिला। उन्होंने युवा बल्लेबाज को भविष्य का बड़ा सितारा भी बताया।
