राजेश सरकार / प्रयागराज
विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार की तपती दोपहर में सेंट जोसेफ कॉलेज के छात्र हाथों में बैनर-पोस्टर लिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने निकले थे। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकल गई जागरूकता रैली का शुभारंभ विद्यालय के मुख्य द्वार से हुआ तथा यह सेंट जोसेफ कैथेड्रल चर्च के मुख्य द्वार तक निकाली गई।
रैली में स्केटिंग, फुटबॉल, कबड्डी, शतरंज, वॉलीबॉल एवं हैंडबॉल सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसका नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य रेव. फादर वाल्टर डी’सिल्वा ने किया। उन्होंने छात्रों एवं अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।
रैली में खेल समन्वयक मोहम्मद शबी रफीक के साथ डैनी एक्का, पूनम सिंह, उत्कर्ष शर्मा, प्रतिभा शुक्ला, अमृता प्रधान, प्रतीक हेमराजानी, शुभम चंद्र, अजहर उस्मानी एवं शादाब रजा उपस्थित रहे तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की गरिमामयी उपस्थिति ने प्रतिभागियों को प्रेरित किया। रैली में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह रैली जन-जागरूकता फैलाने में अत्यंत सफल रही।
