सुरेश गोलानी / मुंबई
-ठगों के निशाने पर आईआरसीटीसी’ के ग्राहक
-जालसाजों ने १० मिनट में कर दिया खेला
-आईआरसीटीसी की जनता से अपील
रेलवे टिकट की ऑनलाइन बुकिंग समेत कई अन्य सेवाएं देने वाली कंपनी आईआरसीटीसी ने लोगों को ठगी से बचने के लिए फिशिंग लिंक के जरिए भेजे गए फर्जी एप से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।
टिकटों की बुकिंग के लिए भारतीय रेलवे की आईआरसीटीसी वेबसाइट या फिर ऐप का उपयोग करने वाले करोड़ों यात्री अब साइबर ठगों के निशाने पर हैं। काशीमीरा स्थित मिरगांव इलाके में रहने वाले एक ६८ वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी को साइबर ठगों ने फर्जी आईआरसीटीसी ऐप के जरिए ६ लाख ७ हजार रुपए से ज्यादा का चूना लगा दिया।
काशीमीरा पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर में दिए अपने बयान में शिकायतकर्ता ने बताया कि बोरीवली से वडोदरा जाने के लिए उन्होंने आईआरसीटीसी वेबसाइट पर टिकट बुक करवाई। क्रेडिट कार्ड के माध्यम से २,०५६ रुपए का भुगतान करने के बावजूद बुकिंग असफल रही, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने बुकिंग की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने हेतु वेबसाइट पर दिए गए ग्राहक हेल्पलाइन नंबर से संपर्क किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपने आप को आईआरसीटीसी का कर्मचारी बताते हुए शिकायतकर्ता को बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने हेतु एसएमएस संदेश के माध्यम से लिंक भेजकर ऐप डाउनलोड करने की सूचना दी।
फर्जी ऐप पर डाला विवरण
शिकायतकर्ता ने आधिकारिक प्रतीक चिह्न (लोगो) के साथ बिल्कुल असली दिखनेवाले आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट ऐप डाउनलोड कर अपने क्रेडिट कार्ड का विवरण दर्ज कर दिया, जिसके बाद १० मिनट के भीतर उनके क्रेडिट कार्ड से ६,०७,९३२ रुपए डेबिट हो गए।
साइबर विभाग में की शिकायत
धोखाधड़ी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन क्रमांक १९३० और काशिमिरा पुलिस से संपर्क किया। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने संदेश भेजने वाले अज्ञात साइबर ठग और बैंक खाता धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट), २००० की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
