-बाइक सवार शोहदों ने तीन किमी तक किया पीछा
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
योगी सरकार में महिलाओं के सुरक्षित होने के दावों की हक़ीक़त सुल्तानपुर में गुरुवार को अलहदा नजर आई। माता-पिता के साथ ननिहाल जा रही किशोरियों के साथ हाइवे पर बाइकसवार शोहदों ने अश्लीलता व अभद्रता की। यही नहीं मनबढ़ शोहदों करीब तीन किमी तक किशोरियों व उनके माता-पिता का पीछा कर मारपीट व गाली गलौज की।
घटनाक्रम इस प्रकार है। गुरुवार की शाम करीब सात बजे मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के निवासी दंपती अपने बेटे के साथ बाइक से बरास्ते पापर घाट आ रहे थे। साथ में स्कूटी पर दो बेटियां भी थीं। किशोरियां काफी धीमी गति से चल रही थीं। वे भी परिवार के साथ अपने ननिहाल आ रही थीं। बूधापुर मोड़ के पास बाइक सवार एक युवक ने किशोरियों के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। अभद्रता व गंदी हरकत से घबराई किशोरियां रफ्तार बढ़ाकर पिता-माता के पास पहुँची तो उन्होंने युवक को दूर हट जाने को कहा।
इस पर युवक ने फोन करके अपने कुछ साथियों को बुला लिया। दोनों दोपहिया को बाइक से आये शोहदों ने लंभुआ-जमखुरी मार्ग पर रामपुर कुर्मियान के पास दोनों दोपहिया को रोक लिया। गाली – गलौज करते हुए हमलावर हो गए। घबराए दंपती व किशोरियों ने गोहार लगाई और पड़ोस में स्थित ननिहाल के गांव में खबर दी तो अन्य लोग भी पहुँच गए। इससे घबराए बाइक सवार युवक भाग निकले। बाद में बाइक के नम्बर से एक युवक की पहचान हुई तो ग्रामीणों ने शुक्रवार को उसे पकड़ पुलिस को सौंपा। इस संदर्भ में लंभुआ के थानेदार धीरज कुमार के सीयूजी पर सम्पर्क किया गया तो पहले तो उन्होंने जानकारी देने में आनाकानी की। कहा कि बाद में बताया जाएगा। बाद में उनका फोन दारोगा रामजीत ने उठाया। बताया कि साहब अभी मीटिंग में व्यस्त हैं। सीओ ऋतिक कपूर ने कहा कि थाने व मीडिया सेल को जानकारी देने के लिए कहा गया है।
पुलिस की सक्रियता पर सवाल ..युवक करते रहे मनमानी, गायब रही पुलिस
लंभुआ। सूबे के व्यस्ततम राजमार्ग में शामिल सुल्तानपुर – वाराणसी फोरलेन पर शाम के समय इस तरह की हरकत करते युवकों पर पुलिस की नजर नहीं पड़ी। पुलिस के गश्ती दल नदारद रहे। इतना ही नहीं जिला मार्ग के रूप में व्यस्त लंभुआ-जमखुरी मार्ग पर भी पुलिस ड्यूटी के लोग गायब रहे। शुक्रवार को अपरान्ह बाद तक पुलिस इस मामले में कोई बयान देने से बचती रही।
