सामना संवाददाता / मुंबई
विधान परिषद चुनाव का नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन रायगड-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग विधान परिषद सीट से दादा गुट के उम्मीदवार अनिकेत तटकरे को निर्विरोध चुन लिया गया। अनिकेत, सांसद सुनील तटकरे के बेटे और महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे के भाई हैं। इस तरह तटकरे के ही परिवार में अब एक सांसदी और दो विधायकी के पद आ गए हैं। इसी बात को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) पार्टी के विधायक रोहित पवार ने नाम लिए बिना तटकरे पर निशाना साधा है।
रोहित पवार ने एक्स पर एक होटल की बुकिंग प्रविष्टि एंट्री की तस्वीर साझा की है। उस तस्वीर से यह सामने आया है कि अशोक खरात जिस होटल में रुके थे, उसी होटल में रूपाली चाकणकर और सुनील तटकरे की भी बुकिंग थी। इस पर बात करते हुए रोहित ने तटकरे पर तीखा हमला बोलते हुए अपनी पोस्ट में कहा, ‘सत्ता में शामिल तीनों दलों के नेताओं का खरात मामले से सीधा संबंध होने के बावजूद, अब तक उनमें से केवल एक ही व्यक्ति को निशाना बनाया गया। निशाना बनाए गए इस व्यक्ति के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति राजनीतिक रूप से अधिक प्रभावशाली होने के नाते खरात मामले से साफ बच निकला।
महाराष्ट्र का राजनीतिक खेल
अब तो सांसदी और मंत्री पद के बाद विधान परिषद की विधायकी भी अपने ही घर में रख ली। मां कामाख्या देवी के दर्शन करने गए लोगों में से एक व्यक्ति के दोनों पद चले गए, जबकि दूसरे के घर में पहले से ही दो-दो पद होने के बावजूद अब तीसरा पद भी आ गया… यह है महाराष्ट्र का राजनीतिक खेल।’
