-फर्जी मोबाइल नंबर पर डीएम इंदरजीत सिंह का नाम-व प्रोफ़ाइल फोटो लगाकर ठगी की कोशिश
-सुल्तानपुर की साइबर पुलिस ने दर्ज किया केस
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
साइबर ठगों ने अब हद ही कर दी! यूपी के सुल्तानपुर जिले के कलेक्टर (जिलाधिकारी) की भी फोटो व नाम एक फर्जी मोबाइल नंबर पर अंकित करके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सअप के जरिये लोगों को मैसेज करके मोटी रकम मांगे जाने का प्रकरण संज्ञान में आया है। बताया जाता है कि जिलाधिकारी इंदरजीत सिंह की तस्वीर का उपयोग कर एक साइबर ठग लोगों को आपात स्थिति का हवाला देते हुए मैसेज भेजकर पैसे मांग रहा है। फिलहाल मामले में पुलिस ने सुल्तानपुर साइबर थाने में केस दर्ज कर लिया है और पुलिस आरोपियों की तलाश करने में लग गई है। वहीं जिलाधिलारी ने लोगों को इस धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल को पूरी तरह से अनदेखा करें और पैसे न भेजें और जनता से ऐसे नंबरों की तुरंत नजदीकी साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का आग्रह किया है। सुल्तानपुर और आस-पास के क्षेत्रों में डिजिटल धोखाधड़ी और सोशल मीडिया प्रोफाइल क्लोनिंग के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साइबर ठग अब लोगों की पहचान चुराकर उनके परिचितों और रिश्तेदारों को निशाना बना रहे हैं, जिसमें वे असली उपयोगकर्ता का नाम और प्रोफाइल पिक्चर का उपयोग करते हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी नए नंबर से ऐसा कोई दावा करते हुए मैसेज आता है, तो वह शत-प्रतिशत धोखाधड़ी है। ऐसे किसी भी संदिग्ध अकाउंट को तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक करें और इस जानकारी को अधिक से अधिक साझा करें ताकि अन्य लोग ठगी का शिकार होने से बच सकें।
