उमेश गुप्ता / वाराणसी
केदारघाट घाट स्थित श्रीविद्या मठ में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य चोर के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले दो सर्राफा कारोबारी भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए चांदी के मुकुट, आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किया है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने शनिवार को बताया कि 24 अप्रैल 2026 की रात श्रीविद्या मठ परिसर स्थित हनुमान मंदिर से चांदी के मुकुट, गदा, हार और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। फुटेज में संदिग्ध की पहचान होने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार चल रहा था।
अस्सी चौकी प्रभारी नवीन कुमार चतुर्वेदी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी राजू खान निवासी साकेत नगर (नारिया), थाना लंका को रत्नाकर पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि मंदिर से चुराए गए चांदी के आभूषण उसने भेलूपुर क्षेत्र के दो सर्राफा कारोबारियों को बेच दिए थे।
राजू की निशानदेही पर पुलिस ने ध्रुव कुमार वर्मा निवासी रानीपुर, महमूरगंज तथा संतोष वर्मा निवासी सराय नंदन, दशमी, भेलूपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से भगवान के गले का चांदी का हार, तीन चांदी के मुकुट, चांदी की टूटी गदा का हिस्सा, चांदी की चेन, पीतल का लोटा, आचमनी पात्र और 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
