सामना संवाददाता / मुंबई
सांताक्रुज-पश्चिम स्थित बी.एस.एस. कार्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. अमर बहादुर पटेल को आल इंडिया ओ.बी.सी. रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन, पश्चिम रेलवे के पश्चिम जोन का जोनल अध्यक्ष चुने जाने पर भव्य सत्कार किया गया। इस अवसर पर सामाजिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान डॉ. पटेल को शाल, स्मृति चिन्ह, भारत का संविधान प्रदान करते हुए तथा पौधा देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके नेतृत्व क्षमता, संगठन के प्रति समर्पण और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पटेल के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा रेलवे कर्मचारियों एवं पिछड़े वर्ग के अधिकारों की आवाज और अधिक सशक्त होगी।
कार्यक्रम की प्रस्ताविकी समाजसेवी शिक्षाविद् चंद्रवीर बंशीधर यादव ने प्रस्तुत की। उन्होंने डॉ. पटेल के सामाजिक जीवन और संगठनात्मक अनुभव पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की। कार्यक्रम का कुशल संचालन गिरधारीलाल पंडित ने किया, जबकि अंत में रीतू कुमार ने सभी आगंतुकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी ने डॉ. पटेल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द, संगठनात्मक एकता और सम्मान की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।
