श्रीकिशोर शाही
-(बुंगा बुंगा – ११)
अपनी बढ़ती हुई अय्याशियों, रंगीन महफिलों और सत्ता के क्रूर प्रदर्शन के लिए सिल्वियो बर्लुस्कोनी को अब रोम के सरकारी भवनों से बहुत दूर एक ऐसे अति-सुरक्षित और एकांत ठिकाने की सख्त जरूरत थी, जहां इटली का कोई भी कानून उनकी इजाजत के बिना कदम न रख सके। इसके लिए उन्होंने भूमध्य सागर के बीचों-बीच स्थित सबसे खूबसूरत और महंगे द्वीप ‘सार्डिनिया’ को चुना। यहां उन्होंने ‘विला सर्टोसा’ नाम का एक ऐसा विशाल और तिलिस्मी महल बनवाया, जो किसी हॉलीवुड या जेम्स बॉन्ड फिल्म के रहस्यमयी विलेन के अड्डे से कम नहीं था।
यह कोई आम घर नहीं, बल्कि १२० हेक्टेयर में पैâला एक ऐसा निजी साम्राज्य था, जहां प्रवेश करना इटली के बड़े-बड़े मंत्रियों के लिए भी एक सपने जैसा था। इस महल के भीतर की विलासिता किसी भी आम इंसान की कल्पना से परे थी। इसमें कई शानदार स्विमिंग पूल, हजारों दुर्लभ पौधों वाला एक विशाल बॉटनिकल गार्डन, और मेहमानों के लिए एक बड़ा एम्फीथिएटर मौजूद था, लेकिन इस विला की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खासियत थी, इसकी अंडरग्राउंड गुफाएं। बर्लुस्कोनी ने पहाड़ काटकर एक ऐसी गुप्त समुद्री गुफा बनवाई थी, जहां से उनके खास वीआईपी मेहमान सीधे अपनी प्राइवेट सबमरीन (पनडुब्बी) या लग्जरी बोट के जरिए छिपकर महल के भीतर आ सकते थे। इसके अलावा, मेहमानों के भव्य मनोरंजन के लिए उन्होंने यहां एक ‘कृत्रिम ज्वालामुखी’ भी बनवाया था, जो एक बटन दबाते ही असली ज्वालामुखी की तरह आग और धुआं उगलने लगता था।
‘विला सर्टोसा’ जल्द ही दुनिया भर के सबसे ताकतवर और रसूखदार लोगों का एक गुप्त अड्डा बन गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से लेकर ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर तक, दुनिया के बड़े-बड़े राजनेता यहां छुट्टियां मनाने आते थे। लेकिन इन वीआईपी राजनेताओं के अलावा, इस महल की उन गुप्त रातों का एक दूसरा और बेहद स्याह पहलू भी था। वीकेंड आते ही इस महल में प्राइवेट जेट्स के जरिए इटली और यूरोप की दर्जनों खूबसूरत युवा मॉडल्स और टीवी शो-गर्ल्स को लाया जाता था। उस ऊंची चारदीवारी और भारी सुरक्षा के भीतर इटली के सारे नियम, कानून और मर्यादाएं दम तोड़ देती थीं। सार्डिनिया का यह रहस्यमयी महल असल में बर्लुस्कोनी की उस कुख्यात ‘बुंगा बुंगा’ जीवनशैली का पहला असली अखाड़ा था, जिसने आगे चलकर उन्हें पूरी दुनिया के सामने नंगा करने की शुरुआत कर दी थी। (शेष अगले अंक में)
