फिरोज खान / मुंबई
-मालवणी पुलिस ने सनकी आशिक के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
ब्रेकअप के बाद बदले की आग में जल रहे एक शख्स ने हद पार कर दी। मालवणी में रहने वाले एक युवक ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड की मां और बहन की तस्वीरों को मॉर्फ करके उनके साथ अश्लील कंटेंट जोड़ दिया और व्हॉॅट्सऐप व सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी ने इस तरह की घिनौनी हरकत ब्रेकअप के बाद बदला लेने के मकसद से की। आरोपी ने मॉर्फ की हुई तस्वीरों के साथ अश्लील सामग्री भी लिखी, ताकि पूर्व प्रेमिका की मां और बहन को शर्मसार कर मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जा सके।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मालवणी में रहने २५ साल की पीड़िता मई २०२५ में इंस्टाग्राम पर आरोपी के संपर्क में आई थी। इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई और बाद में दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। बाद में लिव इन में रहने लगे। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, दोनों जनवरी २०२६ में हैदराबाद घूमने गए थे, जहां आरोपी ने पीड़िता के मोबाइल से उसकी मां और बहन की तस्वीरें ले ली थी और परिवार वालों के मोबाइल नंबर भी ले लिए थे। हैदराबाद से लौटने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया और पीड़िता ने युवक से नाता तोड़ लिया। इसके बात से गुस्साए युवक ने बदला लेने का मन बनाया। उसने प्रेमिका की मां और बहन की तस्वीरों को मॉर्फ करके उनके साथ अश्लील कंटेंट जोड़ दिया और व्हॉट्सऐप व सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता को यह बात पता चलते ही उसने मालवणी पुलिस स्टेशन में युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। साइबर पुलिस ने पीड़िता से मिले लिंक, स्क्रीनशॉट और व्हॉट्सऐप चैट की जांच की। मॉर्फ्ड फोटो का सोर्स ट्रैक किया गया। आरोपी का आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबर खंगालकर उसकी पहचान की है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया पोर्न और मॉर्फ्ड फोटो वायरल करना गंभीर अपराध है। डिजिटल दुनिया में डिलीट करने से डेटा मिटता नहीं है। सर्वर, फॉरवर्ड हिस्ट्री, स्क्रीनशॉट सबूत बने रहते हैं।
