मुख्यपृष्ठनए समाचार`उड़ता पंजाब' बनता महाराष्ट्र...सीएम के `गढ़' में बेखौफ शराब तस्कर!

`उड़ता पंजाब’ बनता महाराष्ट्र…सीएम के `गढ़’ में बेखौफ शराब तस्कर!

-फडणवीस की पुलिस फेल, महिलाओं की टोली कर रही चौकीदारी

-कांग्रेस का महायुति पर कटाक्ष

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में अवैध शराब तस्करी को लेकर एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री का `गढ़’ माने जानेवाले नागपुर में कथित तौर पर शराब तस्कर बेखौफ होकर अपना नेटवर्क चला रहे हैं, जबकि पुलिस की कार्रवाई पर उंगलियां उठ रही हैं। महाराष्ट्र में अवैध शराब का कारोबार और नशे के बाजार तेजी से बढ़ रहे हैं। बड़े पैमाने पर नशे के सामान महाराष्ट्र में लाए जा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-छोटे बाजार में भी ड्रग्स आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। ऐसे में महाराष्ट्र ‘उड़ता पंजाब’ बन चुका है और सीएम फडणवीस की पुलिस सिर्फ कार्रवाई का दिखावा कर रही है। पर महाराष्ट्र को इस ड्रग्स जाल से बचाने की कवायद महिलाओं के एक `ग्रुप’ ने शुरू की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गढ़ में ही शराब की बढ़ती तस्करी को रोकने के लिए सैकड़ों महिलाओं का ग्रुप रातभर चौकीदारी करता है। कांग्रेस ने महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है।
नागपुर जिले के वलनी गांव में सैकड़ों महिलाओं ने मिलकर ‘महिला शक्ति कमांडो दल’ बनाया है। ये महिलाएं दिनभर खेत और घर का काम करने के बाद रात में गांव में गश्त करती हैं। उनका उद्देश्य अवैध शराब की बिक्री रोकना, घरेलू हिंसा पर अंकुश लगाना और गांव को नशामुक्त बनाना है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पहले कई अवैध शराब के अड्डे संचालित होते थे, जिससे कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। अब महिलाओं के संगठित प्रयासों से शराब बिक्री पर रोक लगी है। गश्त के दौरान यदि कहीं नशाखोरी या अवैध गतिविधि दिखाई देती है तो वे संबंधित लोगों को समझाती हैं और जरूरत पड़ने पर पुलिस को सूचना भी देती हैं। नागपुर जिले के कई गांव में महिलाओं द्वारा रात में गश्त कर अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
जनता बनी प्रहरी
दो दिन पहले बगल के ग्राम पंचायत के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं कथित अवैध शराब विक्रेता के घर पहुंचीं और विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में शराब बरामद कर पुलिस के हवाले कर दी। बाद में पुलिस ने संबंधित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।

अन्य समाचार