राजेश सरकार / प्रयागराज
यूपी के प्रयागराज में वारदातों का दौर जारी है। अपराधियों ने शुक्रवार बीती रात एअरपोर्ट थानाक्षेत्र में एक ड्राइवर को गोली मार दी। वहीं इस घटना के सात घंटे बाद कर्नलगंज इलाके में लल्लाचुंगी के पास एक बुजुर्ग पर बाइक सवार युवकों ने गोलियां बरसाईं, जिससे उनकी अस्पताल में मौत हो गई। जबकि शहर के देवघाट झलवा इलाके में हमलावरों की गोली से एक युवक घायल हो गया। इसके अलावा यमुनानगर में भी वारदातों ने माहौेल बिगाड़ना शुरु कर दिया। शनिवार को यमुनानगर कौंधियारा थाना के सड़वा मिश्रा बांध के पास रीवां राजमार्ग के किनारे झाड़ियों में एक महिला की निर्वस्त्र लाश मिली है। वहीं करछना के चुप्पेपुर डीहा गांव में नाली व सड़क के विवाद में शनिवार को खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक संघर्ष में बालगोविंद पटेल नामक युवक को निशाना बनाया गया। हमले में वह बुरी तरह से जख्मी है। घटनाओं को लेकर कमिश्नरेट प्रशासन पर सवाल दागे जाने लगे हैं कि क्या अपराधियों में प्रशासन का खौफ खत्म होता जा रहा है। ताबड़तोड़ घटनाओं की शुरुआत शुक्रवार देर रात एअरपोर्ट थाना क्षेत्र से हुई।
देर रात अधिवक्ता के ड्राइवर को गोली मारी
एअरपोर्ट थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के यहां चालक के रूप में काम करने वाले अमित शुक्ला को उसके घर पीपलगांव से उसके पहचान वाले गेंदालाल नामक व्यक्ति ने बाहर बुलाया। फिर दोनों बातचीत करते हुए घर से थोड़ी दूर तक गए। घायल अमित शुक्ला का कहना है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। इतने में गेंदालाल ने असलहा निकाल लिया और फायर झोंक दिया। गोली अमित की कमर में लगी और अमित जमीन पर गिर पड़े। फायर की आवाज सुनकर परिजन और आस-पास के लोग अमित की तरफ दौड़ पड़े। भीड़ को अपनी तरफ आता देख गेंदालाल वहां से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही इलाकाई फोर्स मौके पर पहुंच गई और घायल अमित को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मौके पर एसीपी धूमनगंज भी पहुंचे थे। उन्होने मौका मुआयना भी किया। पुलिस ने निरीक्षण के दौरान साक्ष्य जुटाए और पास-पड़ोस के लोगों से जानकारी ली। एसीपी धूमनगंज का कहना है कि आरोपी गेंदालाल का हजारों रुपये अमित शुक्ला पर बकाया है। रकम मांगने ही वह रात में अमित के घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान कहासुनी होने पर आरोपी ने गोली चला दी। फिलहाल, अमित की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे।
फल विक्रेता को गोली मारी, हालत गंभीर
एअरपोर्ट थानाक्षेत्र में ही दूसरी घटना शनिवार सुबह हुई। झलवा देवघाट के पास फल विक्रेता को गोली लगी। इलाकाई पुलिस को मौके पर एक जिंदा कारतूस मिला है जिससे घटना को संदिग्ध मानकर सतर्कता से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक झलवा देवघाट निवासी फल कारोबारी विनोद शनिवार सुबह अपने प्लाट पर गए हुए थे। इसी दौरान उनको गोली लगी। जानकारी होते ही पास-पड़ोस की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विनोद को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। विनोद का आरोप है कि शनिवार सुबह वह अपनी जमीन पर कब्जा लेने तथा घेेराबंदी कराने गए थे। इस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनपर गोली चला दी और बाइक समेत भाग निकले। इस वारदात को पुलिस संदिग्ध मानकर चलकर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक वारदात को अंजाम देने का मोटिव और फायरिंग की हकीकत साफ नहीं हो सकी है। सभी पहलुओं पर पुलिस की नजर है और जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
नाराज फल विक्रेताओं ने जाम लगाया
साथी कारोबारी को गोली मारने की घटना से नाराज फल व्यापारियों ने झलवा में विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। कारोबारियों ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मौके पर पुलिस तैनात है।
चैराहे से गुजर रहे पिता पर दागी गोली, मौत
शहर के पुराने और प्रसिद्ध लल्लाचुंगी चैराहे पर शनिवार सुबह करीब सात बजे लाल की सराय शिवकुटी निवासी रामदुलारे कोरी (70) घायल दशा में सड़क पर पड़े थे। लोगों की सूचना पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को अस्पताल भेजा, जहां डाॅक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग के सीने में गोली लगी थी। बुजुर्ग के पास मिले पहचान पत्र से ही पुलिस ने उनकी पहचान रामदुलार के रूप में की। चैराहे के पास सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि रामदुलारे सुबह टहलते हुए जा रहे थे। इस दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और चैराहे पर बुजुर्ग के सीने में बारूद उतार दिया। सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों में एक की पहचान बजुर्ग के बेटे अखिलेश उर्फ शिवा के रूप में हुई। जबकि उसके साथ मौजूद युवक की पहचान नहीं हो सकी है। वारदात की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे और उसके साथी की जोरों से तलाश की जा रही है।
पुलिस चैकी से चंद दूरी पर हुई वारदात
घटना स्थल लल्लाचुुंगी चैराहे से कर्नलगंज थाने की विश्वविद्यालय पुलिस चैकी की दूरी कुछ कदमों की है। बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब सात बजे डाॅयल 112 पर सूचना मिली कि चैराहे पर एक बुजुर्ग घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया।
वृद्धाश्रम के आईडी से बुजुर्ग की हुई पहचान
अस्पताल में डाॅक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पता चला कि उनके सीने में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, जिसमें मिले वृद्धाश्रम के आईडी कार्ड से उनकी पहचान हुई। बुजुर्ग रामदुलारे टाइल्स लगाने के कारीगर थे। सीसीटीवी फुटेज से उनके परिजन ने गोली मारने वाले युवक की पहचान बुजुर्ग के पुत्र अखिलेश उर्फ शिवा के रूप में की। अखिलेश सबसे छोटा पुत्र था। बुजुर्ग की आठ संताने हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पता लगाया है कि बुजुर्ग रामदुलारे कोरी और उनके बेटों में सम्बंध ठीक नहीं थे। बुजुर्ग ने भरण-पोषण के लिए वाद दायर किया था जिसपर कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। इसी को लेकर अखिलेश बेहद नाराज था। यह बात भी पुलिस को पता चली है कि आरोपी बेटे ने हाल ही में ऑटो रिपेयरिंग की दुकान खोली है। एसीपी कर्नलगंज के अनुसार, आरोपी अखिलेश का एक साथी आपराधिक छवि का है। पहले जेल जा चुका है। दोनों की तलाश की जा रही है।
