मुख्यपृष्ठसमाचारट्रैफिक से बेहाल मुंबई को पॉड टैक्सी का सपना!

ट्रैफिक से बेहाल मुंबई को पॉड टैक्सी का सपना!

जेदवी / मुंबई

-१,०१७ करोड़ की परियोजना शुरू
-राहत के लिए २०३१ तक इंतजार

मुंबई की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक जाम से परेशान नागरिकों को राहत देने के लिए बहुप्रतीक्षित पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी मिल गई है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने परियोजना के लिए सभी आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। हालांकि, परियोजना की शुरुआत के बावजूद मुंबईकरों को तत्काल राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
एमएमआरडीए के अनुसार, १२ जून २०२६ से परियोजना के तहत जियोटेक्निकल जांच का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे पहले ७ अप्रैल २०२६ को मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में इसका भूमिपूजन किया गया था। अधिकारियों का दावा है कि यह परियोजना मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनाएगी।
१,०१७ करोड़ का खर्च, झ्झ्झ् मॉडल पर काम
पॉड टैक्सी परियोजना पर करीब रु.१,०१७ करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (झ्झ्झ्) मॉडल के तहत विकसित किया जा रहा है। परियोजना का उद्देश्य बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) जैसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करना और यात्रियों को तेज व सुविधाजनक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
८.८५ किमी नेटवर्क, २२ स्टेशन
इस परियोजना के तहत ८.८५ किलोमीटर लंबा पॉड टैक्सी नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जो बांद्रा और कुर्ला रेलवे स्टेशनों को बीकेसी से जोड़ेगा। पूरे मार्ग पर २२ स्टेशन बनाए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक इससे स्टेशन से कार्यालयों तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा।
राहत नहीं, अभी सिर्फ इंतजार
परियोजना का पहला चरण ३.३६ किलोमीटर लंबा होगा, जो कुर्ला टर्मिनल से बांद्रा ईस्ट टर्मिनल तक बनाया जाएगा। इसे लगभग २० महीनों में, यानी २०२७ के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि पूरे नेटवर्क को वर्ष २०३१ तक चालू करने की योजना है। यानी आज ट्रैफिक जाम से जूझ रहे मुंबईकरों को इस परियोजना का लाभ पाने के लिए अभी कई वर्षों तक इंतजार करना पड़ेगा।
बड़े दावे, अब नतीजों पर नजर
एमएमआरडीए का दावा है कि पॉड टैक्सी बीकेसी क्षेत्र में ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ की समस्या को दूर करेगी। वर्तमान में बांद्रा और कुर्ला स्टेशन से बीकेसी पहुंचने में ट्रैफिक के कारण ३० से ४५ मिनट तक लग जाते हैं। हालांकि, मुंबई में कई बड़ी परियोजनाओं के विलंबित होने के अनुभव को देखते हुए नागरिकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है या नहीं। फिलहाल मुंबईकरों को अभी राहत नहीं, बल्कि एक और बड़े वादे का इंतजार करना है।
क्या हैं पॉड टैक्सी की खूबियां?
 प्रत्येक पॉड में ६ यात्रियों के बैठने की क्षमता।
 अधिकतम गति ४० किलोमीटर प्रति घंटा।
 पूरी तरह ड्राइवरलेस और एआई आधारित तकनीक।
 हर १५ सेकंड में एक पॉड उपलब्ध कराने का दावा।
 प्रस्तावित किराया रु.२१ प्रति किलोमीटर।

अन्य समाचार