मुख्यपृष्ठनए समाचारमहंगाई-बेरोजगारी से जनता बेजार...अंधी, बहरी और गूंगी है सरकार!

महंगाई-बेरोजगारी से जनता बेजार…अंधी, बहरी और गूंगी है सरकार!

-कांग्रेस का डबल इंजन सरकार पर हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

आज देश और राज्य की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं से त्रस्त है, लेकिन सरकार इन मुद्दों का समाधान करने के बजाय अपनी कथित उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त है। ऐसा जोरदार हमला महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने केंद्र की एनडीए सरकार और राज्य की महायुति सरकार पर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है और अब वह ‘अंधी, बहरी और गूंगी’ सरकार की तरह व्यवहार कर रही है।
सपकाल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, रोजगार के अवसरों की कमी और आम लोगों पर बढ़ते आर्थिक बोझ के कारण जनता में निराशा और हताशा बढ़ रही है। लेकिन केंद्र और राज्य सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से पूरी तरह कट चुकी है तथा लोगों की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री फडणवीस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के १२ वर्षों की उपलब्धियों को गिना रहे हैं।
वेश बदलने की असलियत
पुराने समय में राजा-महाराजा वेश बदलकर जनता के बीच जाते थे और उनकी समस्याओं को समझते थे, लेकिन आज मुख्यमंत्री वेश बदलकर निकलते हैं तो केवल दूसरे दलों को तोड़ने के लिए।
राज्य का बेड़ा गर्क
फडणवीस सरकार ने राज्य का ‘बेड़ा गर्क’ कर दिया है। विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कहीं दिखाई नहीं देता। शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार बढ़ा है, र्इंधन की कीमतों में भारी उछाल आया है और आम आदमी का जीवन लगातार कठिन होता जा रहा है।

अन्य समाचार