मुख्यपृष्ठनए समाचारपेपर लीक से बेरोजगारी तक मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का...

पेपर लीक से बेरोजगारी तक मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का महाअभियान!

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू करने का एलान किया है। पार्टी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन और राहुल गांधी के नेतृत्व में अभियान का पहला चरण १७ जून से राजस्थान के कोटा से शुरू होगा।
वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर उभरे हैं। इसी कड़ी में देशभर में छात्र सम्मेलनों की शृंखला आयोजित की जाएगी। कोटा के बाद १० जुलाई को प्रयागराज, ११ जुलाई को पटना और १४ जुलाई को दिल्ली में बड़े सम्मेलन होंगे। इनमें छात्र, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थी, शिक्षाविद, युवा संगठन और परीक्षा घोटालों से प्रभावित लोग शामिल होंगे। कांग्रेस का आरोप है कि पेपर लीक, बढ़ती परीक्षा फीस और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। अभियान के तहत एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और पार्टी की विभिन्न इकाइयां कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचकर युवाओं को जोड़ेंगी। सोशल मीडिया अभियान, संवाद कार्यक्रम और लाइव स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। वेणुगोपाल ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं को अपनी समस्याएं और अनुभव साझा करने का मंच देगा। कांग्रेस राहुल गांधी की उन मांगों को भी प्रमुखता से उठाएगी, जिनमें नीट परीक्षा का विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करना, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करना शामिल है।

अन्य समाचार