मुख्यपृष्ठनए समाचारबच्चों के भविष्य से खिलवाड़!

बच्चों के भविष्य से खिलवाड़!

-मुंबई के कई स्कूलों में बिना मंजूरी चल रही थीं कक्षाएं

-परेल, ताड़देव, वडाला समेत कई इलाकों के संस्थानों पर गिरी गाज

सामना संवाददाता / मुंबई

नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले ही मुंबई के अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले कई स्कूल अब शिक्षा विभाग के निशाने पर आ गए हैं। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दक्षिण मुंबई और उपनगरों के कई स्कूल बिना आवश्यक सरकारी मंजूरी के कक्षाएं चला रहे थे। इसके बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
निरीक्षण के दौरान क्रॉफर्ड मार्वेâट स्थित मदनी हाई स्कूल, ताड़देव के यूसुफ मेहर अली हाई स्कूल, धारावी के मदर टेरेसा हाई स्कूल और गणेश विद्या मंदिर, वडाला पूर्व के एक्सिलम इंटरनेशनल स्कूल तथा गोपालराव देशमुख रोड स्थित फिनलैंड इंटरनेशनल स्कूल में गंभीर अनियमितताएं सामने आर्इं। अधिकारियों का कहना है कि इन संस्थानों के पास कुछ कक्षाओं के संचालन की आवश्यक मान्यता नहीं है।
सबसे गंभीर मामला परेल के गोल्डन स्पाइरल हाई स्कूल का सामने आया है। जांच में पता चला कि स्कूल को केवल पहली से पांचवीं तक की अनुमति प्राप्त है, लेकिन वहां छठी से दसवीं तक की कक्षाएं भी संचालित की जा रही थीं। वहीं मस्जिद बंदर के मोहम्मदिया हाई स्कूल में भी स्वीकृत सीमा से बाहर कक्षाएं चलाए जाने का खुलासा हुआ है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि बिना मान्यता के चलने वाले स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भविष्य में प्रवेश, परीक्षा और प्रमाणपत्रों से जुड़ी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसी कारण शिक्षा निरीक्षकों ने अवैध रूप से चल रही कक्षाओं को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने अभिभावकों से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि केवल आकर्षक विज्ञापनों और आधुनिक सुविधाओं के झांसे में न आएं, बल्कि बच्चों का प्रवेश कराने से पहले स्कूल की सरकारी मान्यता और दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें।

टेंशन में अभिभावक
शिक्षा विभाग की जांच में कई स्कूलों में बिना मंजूरी कक्षाएं चलाने का खुलासा हुआ है। परेल, ताड़देव, वडाला और धारावी के कुछ संस्थानों को नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है और स्कूल की मान्यता जांचने की अपील की है।

अन्य समाचार