मुख्यपृष्ठनए समाचारआदित्य ठाकरे पर शुभकामनाओं की वर्षा!..जन्मदिन पर ‘मातोश्री' में उमड़ा जनसैलाब

आदित्य ठाकरे पर शुभकामनाओं की वर्षा!..जन्मदिन पर ‘मातोश्री’ में उमड़ा जनसैलाब

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख एवं विधायक आदित्य ठाकरे के जन्मदिन के अवसर पर कल उन पर शुभकामनाओं की वर्षा हुई। उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए मुंबई सहित महाराष्ट्र के कोने-कोने से हजारों की संख्या में शिवसैनिक और पदाधिकारी उनके निवास स्थान ‘मातोश्री’ पहुंचे। आदित्य ठाकरे ने भी सभी शुभचिंतकों का स्नेहपूर्वक अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
शिवसैनिकों का उत्सव
आदित्य ठाकरे का जन्मदिन लाखों शिवसैनिकों और युवासैनिकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता। अपने प्रिय नेता को शुभकामनाएं देने के लिए सुबह से ही ‘मातोश्री’ के बाहर कार्यकर्ताओं की लंबी कतारें लग गई थीं। आदित्य ठाकरे ने भी सभी से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर शुभकामनाएं स्वीकार कीं।
आदित्य साहेब आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं!
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख एवं विधायक आदित्य ठाकरे के जन्मदिन के अवसर पर कल उनके निवास स्थान पर हजारों शिवसैनिकों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मातोश्री पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए शिवसेना के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया। ‘कौन आया रे कौन आया, शिवसेना का वाघ आया’, ‘आदित्य साहेब आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’, ‘शिवसेना जिंदाबाद’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर शिवसेना नेता एवं सांसद संजय राऊत, पूर्व मंत्री सुभाष देसाई, सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई, शिवसेना नेता अनिल परब, विधायक मिलिंद नार्वेकर, अजय चौधरी, वरुण सरदेसाई, सचिन अहिर, सांसद प्रियंका चतुर्वेदी समेत अनेक नेताओं, पदाधिकारियों और हजारों शिवसैनिकों ने आदित्य ठाकरे को शुभकामनाएं दीं।
सेल्फी के लिए उत्साह
आदित्य ठाकरे के साथ सेल्फी लेने के लिए कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। हर कोई अपने नेता के साथ एक तस्वीर लेने को उत्सुक था। आदित्य ठाकरे ने भी कार्यकर्ताओं की इस इच्छा का सम्मान करते हुए उनके साथ सेल्फी खिंचवाई और आत्मीयता से बातचीत की।

 

अन्य समाचार