मुख्यपृष्ठअपराधलोकल में बढ़ रहा है ‘खून-खराबा’... बैठने के लिए नहीं दी सीट...

लोकल में बढ़ रहा है ‘खून-खराबा’… बैठने के लिए नहीं दी सीट तो पेट में घोंपा चाकू!.. सीसीटीवी की मदत से दबोचे गए आरोपी

फिरोज खान / मुंबई

लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की सुरक्षा दिनों-दिन बद्तर होती जा रही है। हाल यह है कि डिब्बों में महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें हो रही हैं तो कहीं चिलम का धुआं उड़ाया जा रहा है। मोबाइल चोरी और चेन स्नैचिंग की घटनाएं रोज हो रही हैं। सीट को लेकर छुराबाजी की घटनाएं तो आम हो गई हैं। इससे यही मालूम होता है कि रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) गवर्मेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) सभी विभाग नाकाम हो गए हैं और रेलवे प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। ताजा मामले में सीट के झगड़े को लेकर हुए विवाद में एक यात्री के पेट में चाकू घोंप दिया गया। घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले की मारपीट
कर्जत जीआरपी के अधिकारी ने बताया कि चलती लोकल ट्रेन में सीट को लेकर झगड़ा हुआ था। एक युवक को पहले कुछ लोगों ने मिलकर पीटा था। बाद में आरोपियों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया।
वांगणी पार करते ही शुरू हो गया झगड़ा!
सीट नहीं देने पर एक यात्री ने दूसरे को चाकू मार दिया। इस संबंध में रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन वांगणी रेलवे स्टेशन पार कर चुकी थी, तभी उस युवक के साथ कुछ अन्य युवकों की लगेज कंपार्टमेंट में सीट पर बैठने को लेकर बहस शुरू हो गई थी। यह झगड़ा मारपीट में बदल गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। पीड़ित की पहचान सतीश पाठक (२६) के रूप में हुई है, जो मुंबई के मस्जिद बंदर का रहने वाला है। घटना के बाद कर्जत जीआरपी ने मामले की तफ्तीश शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले गए और लोगों से पूछताछ की गई। कई घंटों की मेहनत के बाद जीआरपी शुरुआत में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल रही।

अन्य समाचार