राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत गोती गांव में 24 वर्षीय कुश सिंह की हत्या का मामला दिन-ब-दिन और रहस्यमय होता जा रहा है। पुलिस जांच के दौरान लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं, जिससे इस सनसनीखेज हत्याकांड की परतें खुलती नजर आ रही हैं। जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक कुश सिंह के पिता की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी से एक पुत्र और एक बड़ा भाई है, जबकि दूसरी पत्नी से तीन संतानें हैं। हत्या के मामले में मृतक के पिता ने चार लोगों को नामजद किया है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की आधिकारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।
रविवार को औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी एक बार फिर जांच के सिलसिले में मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे और घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड की सबसे बड़ी पहेली यह है कि घटना के समय गोली चलने की आवाज न तो आस-पास के लोगों ने सुनी और न ही घर के सदस्यों ने। इतना ही नहीं, हमलावरों के आने-जाने की भी किसी ने पुष्टि नहीं की है।
जांच के दौरान खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्ध गतिविधियां या हमलावरों की कोई स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है, जिससे मामला और उलझ गया है। सूत्रों की मानें तो पुलिस बेहद गोपनीय तरीके से जांच को आगे बढ़ा रही है। चर्चा है कि नामजद आरोपियों में से कुछ लोग पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं, लेकिन मामले के पूर्ण खुलासे तक गिरफ्तारी को सार्वजनिक नहीं किया गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के हर पहलू को बारीकी से परखा जा रहा है, ताकि वास्तविक अपराधियों तक पहुंचा जा सके और किसी निर्दोष को कार्रवाई का सामना न करना पड़े। फिलहाल, गोती हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई हैं।
