फिरोज खान
प्यार में अंधे लोग अक्सर कानून को भी अंधा समझ लेते है। और भूल जाते हैं कि इश्क के जुनून में किए हुए अपराध से वे बच निकलेंगे। पुणे का ये केस उसी भूल की सजा है।
कॉलेज में रोहन और सानिया का अफेयर शुरू हुआ। रोहन आईटी इंजीनियर और सीधा व शांत स्वभाव का था। रोहन के इसी अदा पर सानिया फिदा थी। उनके अफेयर को दो साल हो चुके थे। इस बीच सानिया का मूड बदलने लगा। रोहन जिसे अपना प्यार समझ रहा था, असल में वह धोखा था। उसके साथ वही हुआ, जो उसने सपने में भी नहीं सोचा था। मार्च महीने में रात एक बजे लोनावला के सुनसान घाट पर रोहन की लाश मिली। लाश को बोरी में डालकर समंदर में फेंकने की कोशिश हुई थी, पर ज्वार कम था तो लाश किनारे लग गई। शुरू में पुलिस को लगा लूट के मकसद से मर्डर हुआ, क्योंकि रोहन का वॉलेट और मोबाइल गायब था। फोरेंसिक रिपोर्ट में लाश के फेफड़ों में खारा पानी नहीं पाया गया। पुलिस ने समझा रोहन की मौत समंदर में डूबने से नहीं हुई। इस बीच तहकीकात में पुलिस को पता चला कि रोहन का सानिया नाम की लड़की के साथ अफेयर था। पुलिस ने पूछताछ के लिए सानिया को पुलिस स्टेशन बुलाया। पूछताछ चल ही रही थी कि पुलिस अफसर ने सानिया का फोन खींच लिया और चेक किया। घटना वाली रात १:१७ बजे वह व्हॉट्सऐप पर ऑनलाइन थी और करण नाम के शख्स के साथ चैट कर रही थी। कुछ मैसेज डिलीट थे, पर डिलीटेड चैट रिकवरी से १ लाइन मिली ‘सब हो गया’। पुलिस ने करण का मोबाइल नंबर लेकर उसका लोकेशन और कार का जीपीएस डेटा निकाला। पता चला कि करण रात १२:३० बजे रोहन के घर गया था। १२:५० बजे दोनों की कार लोनावला रोड पर गई। रात २:१० बजे करण अकेले वापस आया। पुलिस ने रोहन और करण की ६ महीने पुरानी चैट खंगाली। ३ महीने पहले करण ने लिखा था ‘भाई तू सानिया के लायक नहीं है।’ इतने सबूत मिलते ही पुलिस ने करण को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की। करण ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। सानिया रो पड़ी और बोली उसे नहीं पता था करण इतना गिर जाएगा। उसने सिर्फ रोहन से बात कम कर दी थी।
