-एक ही गांव के रहने वाले थे दोनों, गांव में पसरा मातम
राजेश सरकार / प्रयागराज
इंटरमीडियट के दो छात्र शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नारीबारी स्थित देवरा टोंस नदी में रविवार सुबह नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से डूब गए। दोनों छात्र आपस में गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं। नदी में तेज बहाव के बीच घंटों की तलाश के बाद जांबाज गोताखोरों ने दोनों के शव नदी से बरामद किए। इस दुखद हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है। डूबने वाले छात्रों की पहचान भारत नगर निवासी कुनाल मिश्रा (15) पुत्र प्रशांत मिश्रा और विशेष मिश्रा (15) पुत्र विवेक मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे और इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे दोनों दोस्त देवरा टोंस नदी में नहाने के लिए घर से निकले थे। नहाते समय वे नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए। टोंस नदी में तेज बहाव होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते गहराई में समाते गए। आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन तेज धारा के चलते बेबस दिखे। घटना की जानकारी मिलतेे ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।
काफी दूर बह गए थे शव
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय गोताखोरों को मदद के लिए बुलाया गया। गोताखोरों को उनको खोजने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। तेज बहाव से दोनों किशोरों के शव बहकर मध्य प्रदेश के चाकघाट की ओर चले गए थे। घंटों तलाश के बाद गोताखोरों ने दोनों के शव नदी से बाहर निकाले।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर चाकघाट और शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजन को सूचना दी। दोनों परिवारों के सदस्य मौके पर पहुंचे तो बेटों के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों के शव परिजन को सौंप दिए, जिन्हें अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाया गया।
गांव में पसरा मातम
होनहार छात्रों की मौत से भारत नगर गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पढ़ाई में अच्छे थे और हमेशा साथ रहते थे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
