सामना संवाददाता / राजस्थान
राजस्थान के झुंझुनू जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के चुड़ैला गांव में बुधवार रात एक 25 वर्षीय युवक का शव गांव में खड़ी एक कार की फ्रंट सीट पर अर्धनग्न अवस्था में मिला। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गांव के ही एक युवक और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक की पहचान चुड़ैला निवासी 25 वर्षीय चंदन, पुत्र सतीश मेघवाल, के रूप में हुई है। चंदन पिछले दो-तीन वर्षों से चेन्नई में रहकर स्टील विंडो बनाने के ठेके का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।
मृतक के पिता सतीश मेघवाल ने बताया कि उनका बेटा पिछले कई वर्षों से चेन्नई में मजदूरी का काम करता था। 15 जून की रात वह अचानक घर पहुंचा था और काफी तनाव में दिखाई दे रहा था। इसके बाद 16 जून की सुबह गांव का ही रोनित, पुत्र सुरेंद्र जाट, उसे अपने साथ ले गया।
पिता के अनुसार, जब उन्होंने बेटे से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने फोन नहीं उठाया। बाद में रोनित ने फोन उठाकर कथित रूप से जातिसूचक गालियां दीं और दोबारा फोन नहीं करने की बात कही।
परिजनों का आरोप है कि 17 जून की शाम को रोनित के घर के सामने खड़ी उसकी कार में चंदन का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। इसके बाद से ही परिजन रोनित और उसकी भाभी प्रियंका, पत्नी विक्रम, सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि जिन लोगों के साथ चंदन को आखिरी बार देखा गया था, उन्हीं पर हत्या का संदेह है। उनका कहना है कि चंदन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उसकी मौत सामान्य नहीं हो सकती। शव की स्थिति और परिस्थितियां भी कई सवाल खड़े कर रही हैं।
पुलिस ने गुरुवार को हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने के बाद मेडिकल बोर्ड से चंदन के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शव मिलने के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम से पहले परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बीडीके जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजीव तिलोटिया के नेतृत्व में शुरू हुए धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।
धरने पर बैठे लोगों की मांग है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा मृतक के परिवार को राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक चंदन मेघवाल परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में चार बहनें हैं और उसकी कमाई से ही परिवार का पालन-पोषण होता था। ऐसे में परिवार को आर्थिक संबल उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
मृतक के पिता ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। धरने का नेतृत्व कर रहे राजीव तिलोटिया ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जिस समय गांव में युवक का शव मिला, उस दौरान धनूरी थाना प्रभारी चुड़ैला गांव में वाहनों के चालान काटने में व्यस्त थे। घटना की सूचना मिलने के बाद भी उन्होंने मौके का निरीक्षण नहीं किया, जो पुलिस की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
झुंझुनू पुलिस उपाधीक्षक हरिसिंह धायल ने बताया कि पिता की रिपोर्ट पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
