बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच नेतृत्व के 20 वर्ष : लक्ष्मी मित्तल ने जारी किया विशेष वीडियो संदेश
31 जुलाई को अपनी स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने से पहले आर्सेलरमित्तल ने अपने कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी मित्तल का एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया है। यह संदेश 15 और 16 जून को न्यूयॉर्क में आयोजित ‘वर्ल्ड स्टील डायनेमिक्स’ के वार्षिक ‘ग्लोबल स्टील डायनेमिक्स फोरम 2026’ में उपस्थित प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में लक्ष्मी मित्तल ने उस ऐतिहासिक क्षण को याद किया, जब उन्होंने मित्तल स्टील और आर्सेलर के विलय की सहमति बनने से ठीक पहले इसी मंच से अपना दृष्टिकोण साझा किया था। उन्होंने कहा कि दो दशक पहले हुए इस विलय ने एक अधिक मजबूत, लचीला और वैश्विक स्तर पर विविधीकृत व्यवसाय की नींव रखी, जिसने वित्तीय संकट, कोविड-19 महामारी तथा चीनी स्टील उद्योग के तेज विस्तार जैसी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया।
उन्होंने कहा कि 2006 की तुलना में आज वैश्विक स्टील उद्योग काफी बदल चुका है। बाजार पहले से अधिक गतिशील हो गए हैं, तकनीकी परिवर्तन तेजी से हो रहे हैं और परिचालन का वातावरण अधिक जटिल बन गया है। इसके बावजूद स्टील उद्योग के दीर्घकालिक भविष्य को लेकर उन्होंने गहरा विश्वास व्यक्त किया।
लक्ष्मी मित्तल ने कहा कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं में बढ़ती मांग, विकसित देशों में बुनियादी ढांचे के नवीनीकरण तथा ऊर्जा परिवर्तन से जुड़ी परियोजनाएं स्टील क्षेत्र के लिए नए अवसर लेकर आ रही हैं। उन्होंने घरेलू औद्योगिक नीतियों के बढ़ते महत्व तथा मजबूत एवं प्रतिस्पर्धी स्टील उद्योग की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा, “पिछले 20 वर्षों की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता चीन का असाधारण विकास रहा है। अब भारत की बारी है। देश में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विस्तार, तेजी से बढ़ता शहरी आवास निर्माण और ऊर्जा परिवर्तन से जुड़े नए इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जो आने वाले वर्षों में स्टील उद्योग की वृद्धि को नई दिशा देंगी।”
