मुख्यपृष्ठअपराधग्राम प्रधान की जान लेने को ताबड़तोड़ फायरिंग...बाल-बाल बचे

ग्राम प्रधान की जान लेने को ताबड़तोड़ फायरिंग…बाल-बाल बचे

-गोली शरीर को छूते हुए कार की सीट में धंसी…पुरानी रंजिश में हमला

राजेश सरकार / प्रयागराज

सरायइनायत थाना क्षेत्र के जमुनीपुर कोटवा गांव में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम प्रधान संकर्षण सिंह उर्फ जयराम सिंह पर जानलेवा हमला कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में हमलावर ने पिस्टल से चार राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली कार का शीशा चीरते हुए ग्राम प्रधान के शरीर को छूकर सीट में जा धंस गई। महज कुछ इंच के फासले से उनकी जान बच गई।
दक्षिणी कोटवा गांव निवासी संकर्षण सिंह उर्फ जयराम सिंह रविवार रात करीब 10 बजे अपने मित्र चंदन सिंह और दो अन्य लोगों के साथ पहाड़ीपुर स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने जा रहे थे। रास्ते में वे जमुनीपुर कोटवा में रुककर परिचितों से बातचीत करने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक से पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने पिस्टल निकाल ली और लगातार चार गोलियां दाग दीं। फायरिंग से मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। एक गोली कार का शीशा तोड़ते हुए ग्राम प्रधान को छूकर सीट में जा धंस गई, जबकि अन्य गोलियां वाहन के आसपास लगीं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। ग्राम प्रधान ने एक युवक को नामजद करते हुए उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ सरायइनायत पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।

अन्य समाचार