मुख्यपृष्ठअपराधप्रयागराज में MBBS छात्रा की संदिग्ध मौत

प्रयागराज में MBBS छात्रा की संदिग्ध मौत

-पोस्टमार्टम में जहर के संकेत…फॉरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज

-यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की छात्रा सृष्टि मिश्रा की मौत ने खड़े किए कई सवाल…विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा

राजेश सरकार / प्रयागराज

यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा सृष्टि मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में जहां छात्रा की मौत को बीमारी से जोड़कर देखा जा रहा था, वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर से मौत के संकेत मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक साइंस लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत, इलाज के दौरान हुई मौत
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रहने वाली 22 वर्षीय सृष्टि मिश्रा प्रयागराज के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा थीं। शनिवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी।
कॉलेज प्रशासन और पुलिस की ओर से शुरुआती तौर पर बीमारी के कारण मौत की आशंका जताई गई थी। वहीं पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों को जहर से मौत के संकेत मिले, जिसके बाद विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
फॉरेंसिक जांच से सामने आएगा सच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षित किए गए विसरा को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। विशेषज्ञ जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि छात्रा के शरीर में कोई जहरीला पदार्थ मौजूद था या नहीं और यदि था तो वह किस प्रकार का था। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने बीमारी की बात पर उठाए सवाल
सृष्टि के पिता अनुराग मिश्रा बीएएमएस चिकित्सक हैं, जबकि मां आशा मिश्रा राजकीय कॉलेज में प्रवक्ता हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन शनिवार को ही प्रयागराज पहुंच गए थे।
परिजनों ने कॉलेज प्रशासन की ओर से मिर्गी का दौरा पड़ने की बात पर सवाल उठाए हैं। सृष्टि के भाई अभिनव मिश्रा और रिश्तेदार डॉ. विवेक तिवारी ने कहा कि सृष्टि को कभी मिर्गी की बीमारी नहीं थी। परिजनों के मुताबिक, वह इसी सप्ताह घर से प्रयागराज लौटी थीं और कॉलेज आने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया था, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ थीं।
दारागंज घाट पर नम आंखों से अंतिम विदाई
पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम दारागंज घाट पर सृष्टि मिश्रा का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों और परिचितों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सृष्टि की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई अन्य वजह थी या नहीं।

अन्य समाचार

लोग