मेजर लीग क्रिकेट में न्यूयॉर्क और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड और बल्लेबाज शुभम रंजने के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। यह घटना टेक्सास की पारी के ११वें ओवर में हुई, जब पोलार्ड गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की पहली गेंद पर रंजने ने चौका लगाया और अगली गेंद पर दो रन लेने के प्रयास में उनकी पोलार्ड से जोरदार टक्कर हो गई। रंजने अपनी दौड़ पूरी करते रहे, जबकि पोलार्ड अपनी जगह पर खड़े रहे, जिससे दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया। टक्कर के बाद पोलार्ड नाराज नजर हो गए और अगली गेंद डालने से पहले बल्लेबाज को घूरते दिखाई दिए। माहौल तब और गरमा गया जब दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख ऑन-फील्ड अंपायर को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
