मुख्यपृष्ठसमाचारलखनऊ के कोचिंग में लगी आग, 15 बच्चों की मौत!

लखनऊ के कोचिंग में लगी आग, 15 बच्चों की मौत!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

राजधानी लखनऊ में सोमवार को अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया स्थित एनीमेशन कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। घटना में 15 बच्चों की मौत हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम बचाव कार्य में जुटी रहीं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
एमएस-102, अलीगंज सेक्टर-डी स्थित हेड एंड हॉपर्स एनीमेशन एंड गेमिंग जोन दूसरी मंजिल पर स्थित है। दोपहर ढाई बजे के करीब यहां आग लग गई। बताया जाता है कि एसी का कंप्रेसर फटने से यह घटना हुई। आग लगने के बाद पूरे भवन में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए छलांग लगा दी। इससे वे घायल हो गए। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और राहत की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बगल के घर की छत से कोचिंग की दीवार काटकर रेस्क्यू का प्रयास किया गया। करीब 10 लोगों को रेस्क्यू कर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। आग और धुएं की वजह से 15 लोगों की मौत हो गई।
अलीगढ़ का दौरा रद्द कर राजधानी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी अफसरों से ली।
पीएम नरेंद्र मोदी ने अग्निकांड में मृतकों व घायलों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुःख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।
अलीगढ़ में आयोजित लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसमूह से कहा कि मेरी इच्छा थी कि यहीं रहूं, लेकिन अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है और कुछ बच्चे अग्निकांड की चपेट में आए हैं। इसमें कुछ बच्चों की दुखद मौत हो गई है। प्रशासन राहत कार्यों में लगा है। मुझे भी इस दुखद घटना के कारण तत्काल वापस लखनऊ जाना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के उचित इलाज का भी निर्देश दिया।
सीएम ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने नौजवानों को खोया है, उनके प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव (गृह) को निर्देश दिया है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां के लिए प्रस्थान कर रहा हूं। इस मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कोचिंग अग्निकांड पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि यूपी की राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आज दोपहर बाद हुए अग्निकांड में अनेक लोगों की मौत तथा कई लोगों के घायल हो जाने की घटना अति-दुःखद है। इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवारों की उम्मीदों को बिखेर देती हैं। ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिए सबको मिलकर सही ढंग से काम करने की जरूरत है। सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा।

अन्य समाचार