उमेश गुप्ता / वाराणसी
सरकारी नौकरी पाने की चाह में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला लोहता थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक महिला कर्मचारी को कथित रूप से उसकी ही पोती ने पति के साथ मिलकर जहर देकर मारने की कोशिश की। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला की जान इलाज के बाद बच गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पोती और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गोपालपुर निवासी 56 वर्षीय पानपति देवी इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट (आईआरआरआई) में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उनके पति की मृत्यु के बाद उन्हें मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। उनकी सेवा अवधि में अभी लगभग चार वर्ष शेष हैं।
बताया गया कि पानपति देवी की पोती रवीना की नजर उनकी नौकरी पर थी। वह मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी प्राप्त करना चाहती थी। शादी के बाद रवीना अपने पति मोनू कुमार के साथ मलदहिया क्षेत्र में रहने लगी थी, लेकिन वह अक्सर दादी से मिलने के बहाने गोपालपुर आती-जाती थी।
आरोप है कि 19 जून की रात रवीना और उसके पति ने पानपति देवी की हत्या की साजिश रची। इसी क्रम में भोजन में कथित रूप से जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें खिला दिया गया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पड़ोसियों ने पानपति देवी को बेहोशी की हालत में पाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कई दिनों तक चले उपचार के बाद उनकी जान बच सकी। स्वस्थ होकर घर लौटने पर उन्होंने अपनी पोती और उसके पति के खिलाफ लोहता थाने में तहरीर दी।
थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जहरीले पदार्थ की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
