-पुलिस होटल मालिक चाचा-भतीजे को लिया हिरासत में
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
पूर्वी यूपी में बगैर बिल चुकाए रेस्टोरेंट-होटल में भोजन-जलपान की अक्सर शिकायतें मिलती रहती हैं। परिणामस्वरूप विवाद-बवाल भी आम है।इधर कुछ वर्षों से ऐसी घटनाएं कम हो गई थीं। लेकिन एक बार फिर रंगबाजी वसूली के लिये मारपीट और दुकानों पर मुफ्तखोरी की वारदातें फिर बढ़ने लगी हैं। अवध के सुल्तानपुर जिले में रविवार की रात ऐसे ही मामले में बड़ी वारदात हो गई। सुल्तानपुर शहर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित लक्ष्मी होटल में रविवार की देर रात भोजन के बाद कुछ लोगों के बिल चुकाने के बजाय मुफ्तखोरी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि होटल प्रबंधक के लॉकर (गल्ला) से उन ग्राहकों ने रूपये निकाल लिये। यही नहीं होटल प्रबंधक की पिटाई भी कर दी। इससे आसपास के दुकानदार व मुहल्ले के लोग एकत्र हो गए और सबने मिलकर मौके पर मौजूद चार युवकों को जमकर पीटा। एक का सिर फट गया। जिसे लखनऊ ले जाया गया है। जबकि एक अन्य युवक को भी गंभीर चोट आई है। पुलिस ने फौरी तौर पर होटल मालिक व उनके भतीजे को हिरासत में ले लिया है। उधर वारदात की सीसी टीवी फुटेज व वीडियो रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों ने वायरल कर दी है। यूं तो पुलिस ने मौके पर पिटे ग्राहकों की ओर से दी गई तहरीर पर सहानुभूति स्वरूप केस दर्ज आरोपी होटल मालिक समेत उसके भतीजे को जेल भेज दिया है लेकिन सीसी टीवी फुटेज के आधार पर होटल संचालक के आरोपों की पड़ताल कर दूसरे पक्ष पर भी एक्शन के संकेत दिये हैं।
आरोप है कि चारों युवक शराब के नशे में होटल आए और खाना खाया। बिल चुकाने की बात पर विपिन पांडेय ने कथित तौर पर एक भाजपा नेता को फोन कर होटल मालिक से बात करने को कहा। जब होटल मालिक ने बात करने से इनकार कर दिया और पैसे मांगे, तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विपिन पांडेय, धर्मात्मा सिंह और उनके साथियों ने उग्र होकर होटल मालिक और कर्मचारियों से मारपीट करने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास के लोग और वहां से गुजर रही भीड़ ने इन युवकों की पिटाई कर दी। पुलिस ने कोतवाली में भी हुए हंगामे को शांत कराया। घायल विपिन पांडेय भाजपा नेता का समर्थक है और उन्हीं के साथ रहता है।घटना कोतवाली नगर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल पर हुई। होटल संचालक, स्टाफ और आसपास के लोगों ने मिलकर धर्मात्मा सिंह, विपिन पांडेय और उनके दो अन्य साथियों की पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लक्ष्मी होटल के मालिक पूरन पोपटानी तथा उनके भतीजे हर्षित पोपटानी को हिरासत में ले लिया। मारपीट में घायल धर्मात्मा सिंह और विपिन पाण्डेय को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हाक्त गंभीर देखकर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। वहीं सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि प्रकरण में बिल चुकता करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। होटल प्रबंधक सहित दो को जेल भेज दिया गया है। वहीं होटल प्रबंधक के आरोपों व सीसी टीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है।जिसके आधार पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
