सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने का मुद्दा शुक्रवार को जोरदार तरीके से उठाया गया। शिवसेना के विधायक अनिल परब ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने विपक्ष के प्रश्नों और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों को फुटबॉल बना दिया है।
विधान परिषद में अनिल परब ने कहा कि सरकार के विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जिसके कारण विपक्ष के सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विभागों के बीच इसी तरह टालमटोल चलती रही तो जनता से जुड़े मुद्दों को न्याय कैसे मिलेगा। दरअसल, सत्तारूढ़ पक्ष के विधायक पंकज भुजबल ने नासिक के किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज तथा बहुउद्देश्यीय किसान-व्यापारी-उपभोक्ता बाजार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे की लगातार अनदेखी कर रही है।
