राजेश सरकार / प्रयागराज
नैनी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष गौरव घोष का रविवार सुबह निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। 63 वर्ष की आयु में उनके निधन से बंगाली समाज, शिक्षा जगत और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई है। वाणिज्य विषय के विद्वान गौरव घोष एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् और लेखक भी थे। वाणिज्य विषय पर उनके द्वारा लिखी गई पुस्तकें विद्यार्थियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रही हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ-साथ शैक्षणिक अध्ययन में भी व्यापक रूप से उपयोग की जाती हैं। शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। गौरव घोष के निधन को नैनी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं बंगाली समाज के लोगों ने अपूरणीय क्षति बताया है। इसके अलावा एडीए दुर्गा पूजा कमेटी, नैनी तथा प्रयागराज शहर की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। नैनी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के सचिव अनिमेष चटर्जी ने बताया कि गौरव घोष की अंतिम यात्रा सोमवार को उनके निवास स्थान दक्षिणी लोकपुर नैनी से निकलेगी। उनके निधन से समाज ने एक कर्मठ, मिलनसार और समर्पित सामाजिक व्यक्तित्व को खो दिया।
