राजेश सरकार / प्रयागराज
घूरपुर-रीवां राष्ट्रीय राजमार्ग पर ईदगाह के समीप स्थित एक खुले ट्रांसफार्मर की विद्युत केबलों में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग की चपेट में आने से ट्रांसफार्मर के आसपास जमीन पर बिछी मोटी विद्युत केबलें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। इसके चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और देर रात से ही लोगों को अंधेरे व बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित ट्रांसफार्मर लंबे समय से खुले में रखा हुआ है तथा उससे जुड़ी मोटी केबलें बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के जमीन पर बिखरी पड़ी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन केबलों में अक्सर फॉल्ट होता रहता है और कई बार इसकी शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से की गई, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, विभागीय लापरवाही के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। करंट की चपेट में आने से कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। वहीं ट्रांसफार्मर के आसपास अक्सर छोटे बच्चे खेलते रहते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा घेरा (फेंसिंग) बनाने, खुले में पड़ी केबलों को सुरक्षित करने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता अभिषेक पाठक ने बताया कि केबल में आए फॉल्ट को ठीक कराया जा रहा है और जल्द ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
