मुख्यपृष्ठनए समाचार'पेपरचोर, गद्दी छोड़' के नारों से गूंजी मुंबई

‘पेपरचोर, गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजी मुंबई

-शिक्षा मंत्री के बंगले का किया घेराव…टीईटी पेपर लीक मामले में इस्तीफे की मांग

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य में टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के विरोध में तथा शिक्षा मंत्री दादा भुसे के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में आज मंत्रालय के बाहर और शिक्षा मंत्री दादा भुसे के सरकारी आवास के सामने जोरदार प्रदर्शन किया गया।
युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरिल्ला रणनीति अपनाते हुए दादा भुसे के सरकारी आवास तक पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। नीट के बाद अब टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र भी लीक हो गया है। राज्य में लगभग हर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सरकार की कथित लापरवाही और विफलता के विरोध में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में आंदोलन में भाग लिया। भारी पुलिस बंदोबस्त के बावजूद कार्यकर्ताओं ने गुरिल्ला रणनीति अपनाकर शिक्षा मंत्री दादा भुसे के सरकारी आवास तक पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ज़ीनत शबरीन ने आवास की सुरक्षा दीवार पर ‘दादा भुसे इस्तीफा दो’ का पोस्टर लगाया। वहीं कार्यकर्ताओं ने ‘पेपरचोर, गद्दी छोड़’, ‘दादा भुसे इस्तीफा दो’ और ‘विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो’ जैसे नारों से पूरे इलाके को गुंजायमान कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आवास के बाहर ‘पेपरचोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे लिखकर सरकार के प्रति अपना तीव्र आक्रोश भी व्यक्त किया।
लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़
इस अवसर पर जीनत शबरीन ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक एक सामान्य घटना बन चुकी है। नीट के बाद अब टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र भी लीक हो गया है, जिससे लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, समय और भविष्य खतरे में पड़ गया है। विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली इस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

अन्य समाचार