राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनापार कलाकार संघ की ओर से संघ कार्यालय में युवा गायक एवं वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय ओम शिवम पांडेय के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित कलाकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही उनके परिवार की आर्थिक सहायता के लिए व्यापक जन अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। शोकसभा में बताया गया कि करछना क्षेत्र निवासी लगभग 30 वर्षीय ओम शिवम पांडेय अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनकी बड़ी बहन का विवाह वर्ष 2019 में हो चुका है। हाल ही में उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई पूरी कर अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस शुरू की थी। इसके साथ ही वे अपनी मधुर एवं भावपूर्ण गायकी के कारण प्रयागराज सहित प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके थे। गायन के माध्यम से वे अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे थे। कलाकारों ने बताया कि ओम शिवम पांडेय को पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रयागराज आगमन पर आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था। दुर्भाग्यवश कार्यक्रम से पहले ही एक सड़क दुर्घटना में उनका असामयिक निधन हो गया, जिससे पूरे कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
संघ के प्रकाशन मंत्री मुन्ना मासूम ने कहा कि यह क्षति केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे कला समाज की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि कलाकार अपनी कला और संगीत के माध्यम से समाज को आनंद, संवेदना और सांस्कृतिक चेतना प्रदान करता है। ऐसे कलाकार के असमय निधन के बाद उसके परिवार को संबल देना समाज और शासन-प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कलाकारों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि इस विषय को जन-जन तक पहुंचाया जाए तथा व्यापक जनसमर्थन के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक परिवार की पीड़ा पहुंचाई जाए, ताकि शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहायता और आवश्यक सहयोग मिल सके। यमुनापार कलाकार संघ के अध्यक्ष प्रियांशु श्रीवास्तव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “ओम शिवम पांडेय केवल एक कलाकार नहीं, बल्कि हमारे परिवार के सदस्य थे। उनकी आवाज़ यमुनापार की सांस्कृतिक पहचान थी। उनका असमय जाना हम सभी कलाकारों के लिए व्यक्तिगत क्षति है। वे आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज़, उनके गीत और उनकी स्मृतियां सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी।”
उन्होंने बताया कि यमुना पार कलाकार संघ शीघ्र ही जनजागरूकता अभियान शुरू करेगा। इसके माध्यम से प्रदेशभर के कलाकारों, सांस्कृतिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों से अपील की जाएगी कि वे इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि स्वर्गीय ओम शिवम पांडेय के परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं सामाजिक संबल मिल सके।
शोकसभा में उपस्थित सभी कलाकारों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे स्वर्गीय ओम शिवम पांडे के परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहेंगे तथा उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। इस अवसर पर यमुना पार कलाकार संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
