मुख्यपृष्ठनए समाचारसत्ता और धन के लालच में शिवसेना से किया विश्वासघात!..१०० करोड़ रुपए...

सत्ता और धन के लालच में शिवसेना से किया विश्वासघात!..१०० करोड़ रुपए में बिके गद्दार…संजय राउत का तीखा हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

शिर्डी में आयोजित एक कार्यक्रम में शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने शिवसेना छोड़कर गए नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और धन के लालच में कुछ लोगों ने शिवसेना के साथ विश्वासघात किया।
संजय राऊत ने कहा कि स्थानीय सांसद भाऊसाहेब १०० करोड़ रुपये के लिए बिक गए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसैनिकों के पसीने, त्याग और निष्ठा पर खड़े हुए कुछ लोग आज सत्ता के दरवाजे पर जाकर ‘लालची जानवर’ की तरह खड़े हो गए हैं।
राऊत ने कहा कि १०० करोड़ रुपये के कथित सौदों की चर्चाओं ने जनता के मन में संदेह पैदा किया है। जो लोग कल तक ठाकरे नेतृत्व के प्रति निष्ठा की बात करते थे, वे आज अलग रास्ता क्यों अपना रहे हैं, इसका जवाब जनता चाहती है।
उन्होंने संबंधित नेता पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाऊसाहेब बहुत ही बदमाश व्यक्ति हैं। इस दौरान शिवसैनिकों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने कहा कि सार्इं बाबा की नगरी शिर्डी में निष्ठा की शपथ लेने वाले और उद्धव ठाकरे के प्रति वफादारी का भरोसा देने वाले कुछ लोग बाद में सत्ता के मोह में गद्दारी कर गए।
संजय राऊत ने कहा कि जिन लोगों को शिवसेना ने पहचान दी, जिन्हें शिवसैनिकों ने अपने कंधों पर बैठाकर बड़ा बनाया, उन्हीं लोगों ने पार्टी की पीठ में छुरा घोंपा। उन्होंने कहा कि यह केवल दल-बदल का मामला नहीं है, बल्कि लाखों शिवसैनिकों की भावनाओं के साथ किया गया विश्वासघात है।
सभा में मौजूद कुछ शिवसैनिकों ने भावनात्मक रूप से अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा कि वे अंतिम सांस तक ठाकरे परिवार के साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में शामिल कई मुस्लिम शिवसैनिकों ने भी अपने हाथों में ऐसे संदेश लिखे हुए कागज दिखाए, जिनमें उद्धव ठाकरे के प्रति अपनी निष्ठा और समर्थन व्यक्त किया गया था।

अन्य समाचार