केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़
सिया गोयल का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी
सामना संवाददाता / मुंबई
पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत मामले में जांच अब अहम दौर में पहुंच गई है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया गोयल का पॉलीग्राफ (लाई-डिटेक्टर) टेस्ट कराने के लिए अदालत से अनुमति मांगी है। पुलिस का कहना है कि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है और अब तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साफ हो सके कि केतन को खाई में किसने धक्का दिया।
लोहगड किले पर हादसा…
१८ जून को लोहगड किले से गिरने के बाद केतन की मौत हुई थी। पहले इसे हादसा माना गया, लेकिन परिवार की शिकायत के बाद मामला हत्या की जांच में बदल गया। पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत केतन को किले पर बुलाकर खाई में धक्का दिया।
फोरेंसिक सबूत जुटाने में जुटी पुलिस…
विदित हो कि जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल पर पूरे घटनाक्रम का दोबारा पुनर्निर्माण कराया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि केतन के मोबाइल से कोई डेटा मिटाया गया या उसमें छेड़छाड़ की गई। पुलिस अब डिजिटल और फोरेंसिक सबूत जुटाने में लगी है।
हालांकि, पॉलीग्राफ टेस्ट का नतीजा अपने आप में अंतिम सबूत नहीं माना जाता। अदालत में आरोप साबित करने के लिए पुलिस को मजबूत डिजिटल, फोरेंसिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य पेश करने होंगे।
