शिवसेना ने दी आंदोलन की चेतावनी
सावनेर। मौखेगांव स्थित अडानी विलमर लिमिटेड में श्रमिकों के कथित वेतन में भेदभाव और शोषण का मामला तूल पकड़ने लगा है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने शुक्रवार को उपविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) को ज्ञापन सौंपकर कंपनी में कार्यरत श्रमिकों के लिए ‘समान काम, समान वेतन’ और समान सुविधाएं लागू करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन छेड़ा जाएगा। उत्तम शिवाजी कापसे द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कंपनी में एडब्ल्यूएल, मस्टर, सप्लायर और प्रोडक्शन श्रेणी के कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन समान कार्य करने के बावजूद प्रोडक्शन विभाग के श्रमिकों को अन्य कर्मचारियों की तुलना में कम वेतन और सीमित सुविधाएं मिल रही हैं। ज्ञापन के अनुसार, कंपनी प्रबंधन ठेका व्यवस्था का हवाला देकर इस अंतर को उचित ठहरा रहा है, जबकि श्रमिक एक ही परिसर में समान जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। शिवसेना ने ठेका श्रमिकों को कंपनी के अधीन लाकर समान वेतन, समान सुविधाएं और श्रमिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही ठेकेदारों पर श्रमिकों के कथित उत्पीड़न की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
