भाजपा की दो महिला नेता गिरफ्तार
चंद्रपुर में ‘बेबी सेल रैकेट’ से सियासी भूचाल
सुनील ओसवाल / मुंबई
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक नवजात शिशुओं की कथित खरीद-फरोख्त के मामले ने बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस सनसनीखेज प्रकरण में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की दो महिला पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों महिलाओं का नवजात बच्चों की बिक्री से जुड़े एक कथित रैकेट में सक्रिय संबंध था। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में हलचल मच गई है।
रामनगर पुलिस की करीब एक महीने तक चली जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सायली येरणे और भाग्यश्री हांडे को गिरफ्तार किया गया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
जांच के अनुसार, एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी से जन्मे नवजात शिशु का पैसों के लिए सौदा किया था। इस मामले में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी अजय फुलझेले, पीड़िता की मां तथा शिशु को खरीदने वाली दो महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब जांच की कड़ियां राजनीतिक हलकों तक पहुंचने से मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस का मानना है कि यह केवल एक सौदे का मामला नहीं, बल्कि मानव तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। इसी कड़ी में भाजपा की दोनों महिला पदाधिकारियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया गया।
मासूमों की खरीद-फरोख्त का बड़ा नेटवर्क बेनकाब?
इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था? क्या इसके तार अन्य जिलों तक पैâले हैं? पुलिस इन सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
