मुख्यपृष्ठटॉप समाचारराम मंदिर में कथित लूट के विरोध में शिवसेना का आज राम...

राम मंदिर में कथित लूट के विरोध में शिवसेना का आज राम रक्षा आंदोलन

-स्थान : हनुमान मंदिर, दादर कबुतरखाना समय : शाम ४ बजे

सामना संवाददाता / मुंबई

राम के नाम पर सत्ता का सुख भोग रही भाजपा के शासनकाल में ही अयोध्या के राम मंदिर की दानपेटी में कथित लूट की घटना सामने आने के बाद देशभर में आक्रोश का माहौल है। इस घटना के विरोध में तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शिवसेना ने ‘राम रक्षा’ आंदोलन का आह्वान किया है। आंदोलन की शुरुआत आज मुंबई के दादर स्थित कबूतरखाना के पास ऐतिहासिक मारुति मंदिर के सामने होगी। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे स्वयं इस आंदोलन में शामिल होंगे। इसलिए इस कार्यक्रम पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।
उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया है कि हिंदुत्व का मुखौटा पहनकर कुछ लोग राम मंदिर को लूट रहे हैं और देशद्रोह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को हिंदू समाज कभी माफ नहीं करेगा और उन्हें अपने कृत्यों का जवाब देना होगा। इसी आह्वान के तहत शिवसेना ने ‘राम रक्षा’ आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी का दावा है कि आंदोलन को लेकर रामभक्तों में उत्साह का माहौल है और रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
सभी हिंदुओं से अपील
शिवसेना का कहना है कि राम मंदिर में हुई कथित चोरी से रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है और उनके मन में पीड़ा तथा विश्वासघात की भावना है। पार्टी का कहना है कि इस आंदोलन के माध्यम से रामभक्तों की भावनाओं को आवाज दी जाएगी। शिवसेना ने मुंबई, महाराष्ट्र और देशभर के सभी हिंदुओं तथा रामभक्तों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। साथ ही उत्तर भारतीय समाज से भी ‘जय शिवराय… जय श्रीराम’ का उद्घोष करते हुए आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया गया है।
महाआरती और हनुमान चालीसा का पाठ
दादर स्थित प्राचीन वटवृक्ष श्री हनुमान मंदिर के सामने रविवार शाम चार बजे महाआरती का आयोजन किया गया है। इस दौरान रामरक्षा स्तोत्र और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा। शिवसेना ने घोषणा की है कि यह आंदोलन आगे पूरे महाराष्ट्र में चलाया जाएगा। जहां-जहां राम मंदिर और हनुमान मंदिर हैं, वहां महाआरती, रामरक्षा स्तोत्र और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर राम मंदिर में हुई कथित चोरी का विरोध किया जाएगा।

अन्य समाचार