मुख्यपृष्ठनए समाचारहर मानसून में क्यों डूबती है मुंबई?

हर मानसून में क्यों डूबती है मुंबई?

-मुंबईकरों का मनपा और सरकार पर फूटा गुस्सा…उठाए कई गंभीर सवाल

रामदिनेश यादव / मुंबई

हर वर्ष मानसून के दौरान मुंबई में जलभराव, सड़कें धंसने और नागरिकों को होने वाली भारी परेशानियों को लेकर मुंबईकरों ने मनपा प्रशासन, अधिकारियों, राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। साथ ही उन्होंने यह गंभीर सवाल उठाया है कि मानसून पूर्व तैयारियों पर हर साल हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद मुंबई बारिश में क्यों डूब जाती है। जगह-जगह जलभराव होकर सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। आखिर हर वर्ष ऐसी स्थिति क्यों बनती है और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? इन सवालों को लेकर मुंबईकरों में भारी आक्रोश है।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पंडया ने कहा कि सत्ता में आने से पहले भाजपा ने पूर्व प्रशासन पर मनपा का खजाना खाली करने के आरोप लगाए थे, लेकिन सत्ता संभालने के बाद भी आम नागरिकों को राहत नहीं मिल सकी। उन्होंने सवाल किया कि जब हर वर्ष मानसून से पहले करोड़ों रुपये खर्च कर नालों, सीवर और स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज की सफाई के दावे किए जाते हैं, तो पहली ही बारिश में मुंबई पानी में क्यों डूब जाती है।
राजेश पंडया ने कहा कि एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय सरकार और प्रशासन को यह बताना चाहिए कि नागरिकों की सुरक्षा और जलभराव रोकने के लिए आखिर कौन-से ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सवाल केवल उनका नहीं, बल्कि मुंबई के लाखों नागरिकों का है।

अन्य समाचार