मुख्यपृष्ठनए समाचारसुल्तानपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन...जुटे बुद्धिजीवी...यूपी के मंत्री ने सम्मान से नवाजा

सुल्तानपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन…जुटे बुद्धिजीवी…यूपी के मंत्री ने सम्मान से नवाजा

-बुद्धिजीवियों को एक मंच पर लाने की कोशिश में चिकित्सक डा. डीएस मिश्र

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को शहर में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से ताल्लुक रखने वाले जनपद के बुद्धिजीवी योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज पांडेय के हाथों प्रशस्तिपत्र व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किये गए।
जिले की राजनीति व सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय बीजेपी नेता डा. डीएस मिश्र के संयोजन में शहर के रामनरेश त्रिपाठी सभागार में प्रबुद्ध सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के बैनर तले स्थानीय बुद्धिजीवियों का जमावड़ा हुआ। बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों डा.आरए वर्मा, डा. पीके पांडेय, डॉ. राधेश्याम सिंह, डा.आशुतोष, पत्रकारद्वय मनोराम पाण्डेय, रमाकांत तिवारी,डा.राजेश गौतम सहित दर्जनों लोगों को अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सराहा। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री पांडेय ने कहा कि देश की आजादी में प्रबुद्ध वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने लोगों को जागरूक कर सही दिशा दिखाई, जिसके परिणामस्वरूप स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को जनसमर्थन मिला और देश आजाद हुआ।
उन्होंने कहा कि एक समय देश को बाहरी और आंतरिक दोनों प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। जहां सीमा पर हमारे सैनिक दुश्मनों से मुकाबला कर रहे थे, वहीं देश के भीतर कश्मीर, पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मिजोरम जैसे क्षेत्रों में आतंकवाद एवं नक्सलवाद की समस्या गंभीर थी। भाजपा सरकार के नेतृत्व में इन चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया और देश को अधिक सुरक्षित बनाया गया।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज अपराधियों में कानून का भय है। बहन-बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता का अभाव था तथा भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद हावी था। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में भी भारी अनियमितताएं होती थीं, लेकिन आज करोड़ों पात्र लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है और व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडा टैक्स और अवैध वसूली पर भी प्रभावी रोक लगी है।
कार्यक्रम में डॉ. सीताशरण त्रिपाठी, डॉ. एमपी सिंह, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, जगजीत सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय, प्रमोद पुरी, डॉ. राजेंद्र कपूर, राकेश सिंह पालीवाल, रविंद्र त्रिपाठी, मंत्री ओमप्रकाश पाण्डेय, विकास शुक्ल, एलके दुबे व उपमा शर्मा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, शिक्षाविद, पत्रकार, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अनिल द्विवेदी ने किया। अंत में कार्यक्रम संयोजक डा. डीएस मिश्र ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रबुद्ध वर्ग का सम्मान करना और उन्हें एक मंच पर लाना समाज व राष्ट्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

अन्य समाचार